लखनऊ के हास्‍यव्‍यंग्‍य कवि केपी सक्‍सेना नहीं रहे


लखनऊ। राजधानी लखनऊ के प्रसिद्ध हास्य व्यंग्यकार व कवि केपी सक्सेना का गुरुवार सुबह 8:30 बजे निधन हो गया। अवध नगरी के लिये यह बहुत बड़ी क्षति है। केपी सक्सेना पिछले तीन महीने से बेहद बीमार चल रहे थे। उन्हें कैंसर की बीमारी थी। केपी सक्सेना के रिश्तेदार व संस्कार चैनल एवं मैगजीन के मुख्य संपादक सर्वेष अस्थाना ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि केपी सक्सेना 31 अगस्त को लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे। बीच में उनकी हालत में सुधार हुआ, पर गुरुवार की सुबह उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। हास्य कविताएं व कहानियां लिखना केपी साहब का शौक, यूं कहिये कि जुनून था। वो भारतीय रेल में कार्यरत थे। केपी सक्सेना को वर्ष 2000 में पद्मश्री के सम्‍मान से नवाजा गया था।केपी सक्सेना विख्यात लेखक होने के अलावा सफल व्यंगकार व स्तंभकार भी थे। डाली थी टीवी सीरियल की नींव कम लोग ही जानते होंगे कि भारत में टेलीविजन सीरियलों के जन्मदाता केपी सक्सेना ही थे। जब देश में इतने सारे चैनल नहीं थे और लोग सिर्फ दूरदर्शन तक ही सीमित थे, तब 1981 में केपी सक्सेना ने लखनऊ दूरदर्शन के लिए ‘बीबी नातियों वाली’ सीरियल लिखा था। यह इतना मशहूर हुआ कि इसे राष्ट्रीय चैनल पर भी दिखाया गया। एक तरह से यह भारत में टीवी सीरियल्स की नींव थी। केपे सक्सेना न केवल हास्य व्यंग्य लिखते थे, बल्कि तमाम कवि सम्मेलनों में अपनी रचनाओं से लोगों को मंत्रमुग्ध कर देते थे। उन्होंने बॉलीवुड की फिल्म लगान, स्वदेस, हलचल और जोधा अकबर के डायलॉग भी लिखे थे। उन्हें सर्वश्रेष्ठ डायलॉग राइटर के लिये फिल्म फेयर के लिये नॉमिनेट भी किया गया था।


Scroll To Top
Translate »