
लखनऊ | लखनऊ के गोमती नगर में शहीद पथ पर स्टेडियम के पास पुलिस मुठभेड़ में एक इनामी बदमाश ढेर हो गया। उसका साथी मौक़े से भाग निकला। शुक्रवार सुबह हुई इस मुठभेड़ में मारे गए बदमाश की पहचान सुनील शर्मा के रूप में हुई है।
एसएसपी दीपक कुमार के मुताबिक़ सुनील पर हत्या व अन्य गम्भीर अपराध के कई मामले दर्ज हैं। उसकी काफ़ी समय से तलाश हो रही थी। लखनऊ में लम्बे समय बाद इस तरह मुठभेड़ में कोई बदमाश मारा गया है। बदमाश के पास पिस्टल और कारतूस मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, सुनील शर्मा को जुलाई में हरदोई जेल से लखनऊ कोर्ट पेशी के लिए लाया गया था, वहीं से वो फरार हो गया था। 27 अगस्त को सुनील ने लखनऊ के सरोजनीनगर के एक व्यापारी से रंगदारी मांगी थी और व्यापारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उस शिकायत के आधार पर सुनील को पकड़ने की कवायद की लेकिन नाकाम रही।
पुलिस ने फोन नंबर ट्रेस करके सुनील को पकड़ा। पुलिस को देखकर वो भागने लगा लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जब सुनील हजरतगंज होते हुए गोसाइगंज स्टेडियम के पास पहुंचा तो पुलिस की दूसरी टीम ने उसे घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, जब सुनील को सरेंडर करने को कहा गया तो उसने फायर कर दिया। इस पर जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे मार गिराया।
पुलिस का कहना है कि इस बदमाश पर 15 हजार का इनाम है। सुनील बिहार के सिवान जिले का रहने वाला था। वो सिवान के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन का नजदीकी था। सुनील पर बिहार में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। सुनील पर हत्या के आरोप हैं। साल 2013 में इसने लखनऊ कैंट से पार्षद रहे बसपा नेता श्याम नारायण पांडेय की हत्या कर दी। इस मामले में इसे गिरफ्तार कर लिया गया और हरदोई जेल में रखा गया था।
https://rashtriyadinmaan.com
