मैनपुरी की घटना पुलिस का निकम्मापन, घटना को मोड़ दे रही पुलिस-डा0 लक्ष्मीकांत बाजपेयी


ffr55r4er4e44r20)लखनऊ |  भारतीय जनता पार्टी ने करहल, मैनपुरी की घटना को पुलिस और प्रशासन के निकम्मेपन का परिणाम बताया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा0 लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने सपा सरकार पर आरोप लगाया कि उसकी पुलिस और प्रशासन गौकशी की घटना को सामान्य गाय की मौत बताकर अपनी असफलता और अकर्मण्यता को दबा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब पुलिस निर्दोष और भोली भाली जनता को प्रताडि़त कर रही है। भाजपा के नगर अध्यक्ष की गिरफ्तारी का पार्टी तीखा विरोध करेगी।
डा0 बाजपेयी ने पुलिस पर हमला करते हुए कहा कि मैनपुरी पुलिस अपना निकम्मापन छिपाने के लिए लाल मई और रानीपुर की जनता को परेशान कर रही है। पुलिस ने यदि गोकशों को तत्काल पकड़ लिया होता तो ग्रामीणों का रोष नहीं भड़कता। इस रोष में आस-पास की ग्रामीण जनता थी न कि किसी संगठन के लोग। राजनैतिक दलों के लोग बाद में पहुंचे। करहल के सपा के चैयरमैन के परिवार के लोग की गिरफ्तारी से सिद्ध होता है कि यह रोष सामान्य जनता का रोष था।
डा0 बाजपेयी ने कहा कि इस क्षेत्र में पिछले दो-तीन महीनों में 100-125 गायों अैर पशुधन की चोरी हुई है। सरकार इन चोरियों को रोक नहीं पा रही है। गाय की चोरी करने के बाद गोकशी की जाती है। मामला सामान्य जन की जानकारी में आने के कारण ग्रामीण जनता का रोष भड़क उठा।
डा0 बाजपेयी ने आरोप लगाया कि मैनपुरी के जिलाधिकारी व डीआईजी के बयान विरोधाभासी है। जिलाधिकारी घटना को गोकशी मानते है तो डीआईजी गाय की सामान्य मौत। घटना की जांच होनी चाहिए तथा दोषियों पर कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए।
डा0 बाजपेयी ने कहा कि पुलिस अपने निकम्मेपन को छिपाने के लिए अंधाधुन्ध गिरफ्तारियां कर रही हैं। पुलिस अपनी असफलता को छिपाने के लिए घटना को मोड़ दे रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी।

Scroll To Top
Translate »