अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त, मनोज कुमार सिंह द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य से संबंधित समीक्षा बैठक की गई


,

गंगा एक्सप्रेसवे के शुरुआती प्वाइंट जनपद-मेरठ से बदायूं होते हुए कि0मी0-80 पर जनपद- अमरोहा-संभल की सीमा तक ग्रुप-01 का स्थलीय निरीक्षण किया गया,

दिसम्बर, 2024 तक गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए तीव्र गति से एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूर्ण कराए जाने के दिए निर्देश,

लखनऊ | अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त, श्री मनोज कुमार सिंह द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे एक्सेस कन्ट्रोल्ड (ग्रीन फील्ड) परियोजना से संबंधित गंगा एक्सप्रेसवे के शुरुआती प्वाइंट जनपद मेरठ से बदायूं होते हए कि0मी0-80 पर जनपद- अमरोहा-संभल की सीमा तक ग्रुप- 01 के निर्माणकार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर समीक्षा बैठक की गई। श्री सिंह द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे के ग्रुप-01 के कैम्प कार्यालय में वृक्षारोपण भी किया गया।

श्री सिंह ने निर्माणकर्ता कम्पनियों के प्रतिनिधियों और यूपीडा के अधिकारियों को दिसम्बर, 2024 तक गुणवत्ता को ध्यान में रखकर तीव्र गति से एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूर्ण कराए जाने हेतु निर्देशित किया।

इसके साथ ही अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे के मुख्य सड़क मार्ग पर आने वाली नवीन नहरों पर लघु सेतुओं के निर्माण हेतु, संबंधित जनपदों के सिंचाई विभाग के अधिकारियों से तत्काल संपर्क स्थापित कर यथाशीघ्र अग्रेत्तर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
जनपद- अमरोहा में एक्सप्रेसवे के किमी0 67 पर गंगा ब्रिज के निर्माण के संबंध में आई0आई0डी0सी0 महोदय, द्वारा संबंधित अधिकारियों को शेष अवरोधों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किए जाने हेतु निर्देशित किया गया।

गंगा एक्सप्रेसवे पर अब तक 22 प्रतिशत से अधिक मिट्टी का कार्य किया जा चुका है। गौरतलब है कि परियोजना हेतु निर्धारित प्रथम माइल स्टोन की प्राप्ति हेतु वांछित गति के सापेक्ष निर्माण कार्य की प्रगति आगे है।

594 किमी0 लम्बे प्रस्तावित एक्सेस कन्ट्रोल्ड ग्रीन फील्ड गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना पर बहुत तेजी से कार्य हो रहा है। परियोजना के चारों ग्रुप के विकासकर्ता क्रमशः मे0 आई0आर0बी0 इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं मे0 अडानी इन्फ्रास्ट्रक्चर द्वारा निर्माण कार्य तीव्र गति से सम्पादित किया जा रहा है।

इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, हापुड़ व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों समेत यूपीडा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निर्माण कम्पनियों के प्रतिनिधि, पी0आई0यू0 के सभी अधिकारी व अथाॅरिटी इंजीनियर्स मौजूद रहे।


Scroll To Top
Translate »