नई दिल्ली: फेसबुक सीईओ मार्क जकरबर्ग ने बुधवार को आईआईटी दिल्ली में टाउनहॉल सेशन मेें लोगों के सवालों के जवाब दिए, जिनमें नेट न्यूट्रैलिटी, फ्री इंटरनेट और कैंडी क्रश जैसे सवालों ने काफी तालियां बटोरीं।
कैंडी क्रश खेलने की पेशकश अब ज्यादा दिन परेशान नहीं करेगी: जुकरबर्ग
कैंडी क्रश खेलने के लिए अवांछित निमंत्रण से उब चुके लोगों को जल्द ही इससे निजात मिल जाएगा। एक सवाल के जवाब में फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग ने कहा कि उनकी टीम इस समस्या का एक ‘समाधान’ निकालने पर काम कर रही है। जुकरबर्ग ने कहा, ‘‘ यह सबसे अहम सवालों में से एक है। मैंने अपनी टीम को एक संदेश भेजा है और इसका समाधान निकालने को कहा है।’’
नेट निरपेक्षता के पक्ष कर रहे हैं लॉबिंग, खुले ढांचे पर काम हो रहा है: जुकरबर्ग
मार्क जुकरबर्ग ने कहा कि उनकी कंपनी एक खुले ढांचे पर काम कर रही है और नेट निरपेक्षता के लिए लॉबिंग कर रही है। जुकरबर्ग ने कहा, ‘‘नियम के लिहाज से हम नेट निरपेक्षता के बड़े पक्षधर हैं .. साथ ही हम एक खुला ढांचा तैयार करने की दिशा में भी काम कर रहे हैं। हम विश्व भर में नेट निरपेक्षता के लिए लॉबिंग कर रहे हैं लेकिन साथ ही हम पहुंच बढ़ाने पर भी काम कर रहे हैं।’’
विश्व की सबसे बड़ी सोशल मीडिया कंपनी के लिए भारतीय बाजार का बहुत महत्वः जुकरबर्ग
विश्व की सबसे बड़ी सोशल मीडिया कंपनी के लिए भारतीय बाजार के महत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एक अरब लोगों को इंटरनेट से जोडऩे के लक्ष्य को पूरा करने में इस देश की बड़ी भूमिका है। ‘यदि आपके पास एक अरब लोगों से जुडऩे का लक्ष्य है तो आप एेसा भारत के बगैर नहीं कर सकते।’उन्होंने कहा कि फेसबुक उपयोक्ताओं की संख्या के आधार पर भारत 13 करोड़ उपयोक्ताओं के साथ अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। विश्व भर में फेसबुक के 1.3 अरब उपयोक्ता हैं।
https://rashtriyadinmaan.com

