मथुरा सराफ हत्या-लूटकांड मुठभेड़ में 6 आरोपी गिरफ्तार


phpThumb_generated_thumbnail

मथुरा |   कोयला वाली गली में दो सराफा कारोबारियों की हत्या व लूटकांड का पुलिस ने घटना के पांच दिन बाद खुलासा कर दिया। पुलिस टीम ने शनिवार तड़के मुठभेड़ के बाद चौबियापाड़ा से 6 आरोपियों का गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से नगदी समेत करीब 20 लाख का माल बरामद हुआ है।

घटना को लेकर आक्रोश का सामना कर रही पुलिस को पांच दिन बाद बड़ी सफलता मिली। इससे पहले पीड़ित परिजनों ने पुलिस को शनिवार तक का अल्टीमेटम दिया था। पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी विनोद कुमार मिश्र ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एसपी सिटी अशोक कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी नगर जगदीश चंद्र सिंह के नेतृत्व में पांच टीमें खुलासे को गठित की गई थीं। टीमों ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर सुरागकशी की। इस घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्तों के रूप में पांच हजार के इनामिया राकेश उर्फ रंगा और गैंग के अन्य सदस्यों की पहचान कर पुलिस द्वारा इनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए गए।

शनिवार तड़के एसपी सिटी के नेतृत्व में गठित टीमों व जनपद की पुलिस ने चौबियापाड़ा की घेराबंदी करते हुए रंगा के मकान के पास स्थित अरुणेश नागर के मकान के ऊपरी कमरे से बदमाशों को खुद को पुलिस के हवाले करने को ललकारा। तभी वहां मौजूद अभियुक्त राकेश उर्फ रंगा, नीरज, कामेश उर्फ चीनी ने अपने साथियों के साथ पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने फायरिंग की। करीब दो घंटे की मुठभेड़ के बाद पुलिस ने छह अभियुक्तों को मय असलाह और लूट के जेवर, नगदी समेत दबोच लिया। बरामद सामान में सोने और हीरे के आभूषण हैं। इनकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

इधर मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल राकेश उर्फ रंगा, कामेश उर्फ चीनी एवं नीरज को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहां से इन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। ये तीनों सगे भाई हैं। राकेश पर हत्या, लूट, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट आदि विभिन्न धाराओं में थाना कोतवाली मथुरा एवं थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर में कई मामले दर्ज हैं। एसएसपी ने बताया कि अभियुक्तों से पूछताछ के बाद बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष माल की बरामदगी की जाएगी। एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच रुपये से पुरस्कृत करने की घोषणा करते हुए आईजी स्तर से भी पुरस्कृत कराने की संस्तुति की है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम

1- राकेश उर्फ रंगा पुत्र बालस्वरूप चतुर्वेदी निवासी चौबियापाड़ा, मथुरा

2- नीरज पुत्र बालस्वरूप चतुर्वेदी निवासी चौबियापाड़ा, मथुरा

3- कामेश उर्फ चीनी पुत्र बालस्वरूप चतुर्वेदी निवासी चौबियापाड़ा, मथुरा

4- आयुष पुत्र जितेंद्र निवासी रतनकुंड चौबियापाड़ा, मथुरा

5- विष्णु उर्फ छोटू पुत्र मुन्नालाल निवासी राधापुरम स्टेट के पास, मथुरा

6- आदित्य पुत्र अरुणेश नागर निवासी चौबियापाड़ा, मथुरा

गिरफ्तार अभियुक्तों से बरामद हुआ माल

-एक पिस्टल, दो मैगजीन, 19 जिंदा और 5 खोखा कारतूस

-चार तमंचा 315 बोर, 10 जिंदा व 4 खोखा कारतूस

-एक चाकू

-10500 रुपये नगद

-7 मोबाइल फोन, 3 सिमकार्ड, 1 मेमोरी कार्ड और 2 बैटरी

-सोने व डायमंड की करीब 20 लाख कीमत की ज्वैलरी

मुठभेड़ में कई पुलिसकर्मी भी घायल

आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ में कई पुलिस कर्मी भी घायल हुए हैं एसएसपी ने बताया कि मुठभेड़ में दो इंस्पेक्टर, 3 सब इंस्पेक्टर और सिपाही समेत 7 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।


Scroll To Top
Translate »