मायावती ने कहा, ब्राह्मण समाज के लोगों पर अन्याय व अत्याचार बढ़ा है


मायावती ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में अपराध-नियंत्रण व कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से जनता का विश्वास पुलिस व सरकार से उठ गया है। उत्तर प्रदेश में जबसे भाजपा की सरकार बनी है तबसे दलितों, पिछड़ों व मुस्लिमों के साथ सवर्ण समाज खासकर ब्राह्मण समाज के लोगों पर अन्याय व अत्याचार बढ़ा है। विवेक की हत्या से सरकार बेनकाब हुई है। दोषी पुलिसकर्मियों के साथ लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्रियों द्वारा बहाए जा रहे घड़ियाली आंसुओं से ऐसा नहीं लगता है कि इस मामले में भी समय से पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल पाएगा। घटना के दोषी व इसे दूसरा मोड़ देने का प्रयास करने वाले पुलिस वालों पर पहले उचित कार्रवाई के बाद पीड़ित परिवार से मिलने का प्रयास करना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। भाजपा सरकार के मंत्री पीड़ित परिवार से मिलकर केवल फोटो खिंचवाने व सस्ती लोकप्रियता बटोरने के साथ उन पर दबाव बनाने में लगे दिखे।
उन्होंने कहा कि इस घटना के संबंध में बसपा सरकार से सबक लेकर सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे सरकार की कानून-व्यवस्था पर लोगों का विश्वास बने। लोकसभा का आम चुनाव नजदीक है और प्रदेश की जनता भाजपा की गलत नीति व ऐसे काले कारनामों के लिए उसे जरूर ही सबक सिखाएंगी, यह उसे समझ लेना चाहिए।


Scroll To Top
Translate »