मी़डिया पर हमले के विरोध में 20 अगस्त को काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे पत्रकार


सभी हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी व उनपर रासुका लगाने की मांग

विधानभवन में बैठक कर पत्रकारों ने जताई नाराजगी

 

rre444444gftrftrftrs (16)लखनऊ|    हिंदुस्तान व हिंदुस्तान टाइम्स अखबार के दफ्तर में घुसकर तोड़फोड़ और वहां कार्यरत मीडिय़ा कर्मियों पर कातिलाना हमले के खिलाफ एकजुट हुए पत्रकारों ने कल दिनांक 20 अगस्त को काली पट्टी बांधकर कार्य करने का एलान किया है। विधानभवन स्थित प्रेस रूम में आज हुई पत्रकारों की बैठक में इस जघन्य हमले की कड़ी निंदा करते हुए, सरकार से यह मांग की गई वह सभी आरोपियों को अविलंभ गिरफ्तार कर उनपर रासुका के तहत कार्रवाई करे। बैठक में यह तय किया गया कि घटना के विरोध में कल विधानसभा व विधानपरिषद की कवरेज के दौरान पत्रकार अपने हाथों पर काली पट्टी बांधेंगे।

बैठक में इस बात पर चिंता जताई गई कि हाल के दिनों में पत्रकारों व मीडिया कर्मियों पर हमले के मामले बढ़े हैं। एक ही दिन में लखनऊ और शामली जिले में अलग-अलग मामलों में अखबारों के दफ्तर पर हमले हुए। लखनऊ में जहां एचटी मीडिया के दफ्तर और कर्मचारियों को निशाना बनाया गया, शामली में हिंदी दैनिक दैनिक जागरण के दफ्तर में बदमाशों ने तोड़फोड़ की। अखबार के दफ्तर पर कल हुए हमले और वहां कार्यरत पत्रकारों व अन्य कर्मियों पर कातिलाना हमला बेहद चिंता का विषय है। ऐसा लगता है कि शायद अराजक तत्वों के मन से पुलिस का खौफ खत्म हो गया है, तभी सुरक्षित समझे जाने वाले गोमतीनगर जैसे इलाके में भी बेखौफ बदमाश न सिर्फ अखबार के दफ्तर पर हमला करते हैं बल्कि उसके बाद अस्पताल में इलाज कराने गए मीडिया कर्मियों को फिर से निशाना बनाते हैं।

बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए पत्रकार प्रांशु मिश्र ने बताया कि 20 अगस्त को काली पट्टी बांधने के साथ ही, इस पूरे मामले पर आगे की रणनीति बनाने, जांच पर नजर बनाए रखने के लिए पांच लोगों की एक एक्शन कमेटी भी गठित की गई है। ये साथी हैं श्री आनंद सिन्हा, सुश्री सुमन गुप्ता, राजीव श्रीवास्तव, प्रेमशंकर मिश्र व छायाकार विनय पांडेय। बैठक में बड़ी संख्या में प्रिंट व इलेक्ट्रानिक मीडिया के साथी मौजूद थे। इनमें प्रमुख रूप से श्री किशोर निगम, शिवशंकर गोस्वामी, रामदत्त त्रिपाठी, शरत प्रधान, पंकज झा, राजेंद्र कुमार, अतीक खान, अर्चना श्रीवास्तव, मुदित माथुर, नरेंद्र श्रीवास्तव, नीरज श्रीवास्तव, बृजेंद्र सेंगर, मनीष श्रीवास्तव, श्याम बाबू आदि मौजूद थे। बैठक के बाद पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख सचिव गृह श्री देवाशीष पांडा से मुलाकात कर उन्हें अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा। श्री पांडा ने प्रतिनिधिमंडल को यह विश्वास दिलाया कि इस प्रकरण में अपराधियों के खिलाफ  कठोर कार्रवाई की जाएगी


Scroll To Top
Translate »