नई दिल्ली: वित्त मंत्री अरुण जेटली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का बचाव करते हुए आज कहा कि इनका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभूतपूर्व असर हुआ है और भारत के प्रति दुनिया की सोच में व्यापक बदलाव आया है। जेटली ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वेबसाइट और सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री की अमेरिका यात्रा और दिग्गज अमेरिकी कंपनियों के अधिकारियों के साथ उनकी मुलाकात अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के बढ़ते कद में एक और मील का पत्थर है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने मोदी की विदेश यात्राओं पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया था कि वह ताबड़तोड़ विदेश यात्राएं करके जनता की गाढ़ी कमाई को बर्बाद कर रहे हैं और देश को इसका कोई फायदा नहीं हो रहा है।जेटली ने कहा कि 16 महीने पहले भारत के बारे में दुनिया की जो राय थी अब वह पूरी तरह बदल चुकी है और यह मोदी की यात्राओं के कारण ही संभव हो पाया है। उनकी छवि निर्णय लेने वाले एक ऐसे नेता की है जो बदलाव और सुधारों को सही दिशा में ले जा रहा है। उनकी विकास की पहल और कोशिशें कांग्रेस के विकास विरोधी मुहिम से प्रभावित होने वाली नहीं है। वह ²ढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इसका परिणाम यह है कि वैश्विक मंदी की विपरीत परिस्थितियों में भी भारत सम्मानजनक रूप से आगे बढ़ रहा है। वित्त मंत्री ने कहा कि मोदी ने अपनी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूती से थामे रखने के साथ-साथ आधुनिक आर्थिक विचारों, तकनीक और तेज विकास के महत्व को समझा है।
वह गरीबी उन्मूलन के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को भी मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने देश में ऐसी उम्मीदें पैदा की हैं कि भारत अब छह से आठ प्रतिशत विकास दर से संतुष्ट होने वाला नहीं है बल्कि इससे ज्यादा की अपेक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में प्रवासी भारतीयों की भूमिका कमतर नहीं है। भारत के प्रति उनका प्यार और उत्साह जबर्दस्त है। वे देश के लिए कुछ करना चाहते हैं और मोदी में उन्हें एक काबिल नेता दिखाई दे रहा है जो उनके सपनों को पूरा कर सकता है। मोदी और प्रवासी भारतीय पूरी दुनिया में भारत की शानदार छवि बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
