
शिमला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शिमला में सस्ती उड़ान सेवा ‘उड़ान प्रोजेक्ट’ की शुरुआत की. पीएम ने हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में इसकी शुरुआत की. मोदी ने क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत शिमला-नई दिल्ली के बीच विमान सेवा को हरी झंडी दिखाई. प्रधानमंत्री ने उड़ान योजना के तहत कड़पा-हैदराबाद और नांदेड़-हैदराबाद सेक्टरों के बीच भी विमान सेवा की शुरुआत की.
पीएम नरेंद्र मोदी ने सरकार की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना ‘उड़ान’ के तहत 2,500 रुपये में एक घंटे की उड़ान सेवा गुरुवार को शुरू की. इस योजना के तहत भारत के निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों को भी सस्ती हवाई यात्रा का मौका मिलेगा और देशभर में और अधिक हवाईअड्डों के जरिए सपंर्क बढ़ेगा.
‘उड़े देश का आम नागरिक’ (उड़ान) योजना शिमला और दिल्ली के बीच शुरू की गई है. दिल्ली-शिमला उड़ान का संचालन करने वाली एयर इंडिया सब्सिडियरी एलाएंस एयर ने इसका किराया 2,036 रुपए रखा है. मोदी ने शिमला में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, मैं गरीबों को भी उड़ते देखना चाहता हूं.
मोदी ने कहा कि अगर देश के मध्यम वर्ग को मौका मिले तो वे देश की छवि बदल सकते हैं। मध्यम वर्ग की जिंदगी बदल जाएगी और उनकी आकांक्षाएं पूरी होंगी. उड़ान योजना के तहत आधे घंटे की हेलीकॉप्टर यात्रा के लिए 2,500 रुपए की सीमा रखी गई है.
उड़ान योजना पिछले साल 15 जून को जारी की गई राष्ट्रीय नागरिक उड्डयन नीति का एक प्रमुख हिस्सा है. केंद्र सरकार ने इस योजना के तहत इस साल 30 मार्च को पांच कंपनियों को 70 हवाईअड्डों को जोड़ने वाले 128 रूट्स पर विमान सेवा संचालित करने की कांट्रैक्ट दिया था.
इस मौके पर मोदी ने कहा कि पहले अमीर लोग ही हवाई यात्रा करते थे. लेकिन मैं चाहता हूं कि हवाई जहाज में हवाई चप्पल पहनने वाले भी उड़ान भरें. आज ये संभव हुआ. आज शिमला-दिल्ली हवाई सेवा से इसकी शुरुआत हो रही है. हवाई चप्पल सामान्य आदमी की पहचान है. देश में कई हवाई पट्टियां हैं जिनका इस्तेमाल ही नहीं हुआ. अभी देश में 70-75 एयरपोर्ट से ही हवाई सेवा चल रही है.
हवाई सेवा के लिए भारत में सबसे अधिक मौके हैं. हवाई सफर से लोगों का समय बचेगा. छोटे शहरों में इसे शुरू करने की जरूरत है. इससे टैक्सी से भी सस्ती हवाई उड़ान हो जाएगी.
https://rashtriyadinmaan.com
