पीएम मोदी को सिर्फ दूसरों के बाथरूम में झांकना पसंद है: राहुल


unnamed
लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव और कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को लखनऊ में सयुक्‍त प्रेस कांफ्रेंस की। यहां मीडिया को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने देश के लिए कुछ नहीं किया है। मोदी ने देश के लोगों को सिर्फ ठगने का काम किया है। राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी को दूसरों के बाथरूम में झांकने की आदत है। दूसरों की जन्‍मपत्री देखने और गूगल सर्च करने की भी आदत है। धीरे-धीरे इस देश को पीएम मोदी की कई अन्‍य आदतों के बारे में भी पता चल जाएगा।
राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया है। बीएसफ के जवानों को सही से खाना भी नहीं मिल पा रहा है। अधिकारी उनका शोषण कर रहे हैं। पिछले दिनों हुई हिंसा में 100 से ज्‍यादा जवान शहीद हो गए, लेकिन पीएम मोदी ने जवानों की शहादत पर भी सियासत की। इसके लिए देश उनको कभी माफ नहीं करेगा।
अखिलेश यादव ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार ने सिर्फ वादे ही नहीं किए बल्कि उन वादों को पूरा करने का भी काम किया है। समाजवादी सरकार ने आगरा एक्‍सप्रेसवे का निर्माण किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि अगर पीएम मोदी भी इस एक्‍सप्रेसवे पर चलेंगे तो मुझे पूरा यकीन है कि मुझे ही वोट देंगे। लोगों पर इमोशनली अटैक कर वोट हासिल करना लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है।
वहीं अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी के लोग अभी भी अच्छे दिनों का इंतजार कर रहे हैं. कुछ लोग सिर्फ मन की बात करते हैं, काम की बात नहीं. पीएम मोदी पर हमला करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव है, भावुक और गुस्सैल होने से नहीं चलेगा, आपको शांत और ठंडे दिमाग से काम करना होगा। पीएम के जन्मपत्री वाली टिप्पणी पर अखिलेश ने गठबंधन सरकार के दस वादें गिनाए। गठबंधन पर अखिलेश बोले कि मोदी जी दो युवाओं से डर गए हैं। चुनाव में गुस्सा नहीं करना चाहिए। बल्कि जमीन पर काम करना चाहिए। पीएम को मन की बात नहीं, बल्कि काम की बात करनी चाहिए। सीएम ने प्रदेश की जनता से वादा करते हुए कहा कि अगर वे सरकार में आते है तो किसानों के लिए बिजली सस्ती की जाएगी और पुलिस का आधुनिकीकरण किया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि बहुत गुस्सा होना अच्छी बात नहीं है, इससे पता चलता है कि उनके (बीजेपी) पैरों के नीचे से जमीन खिसक रही है।

गौरतलब है कि पीएम मोदी ने राहुल का नाम लिए बगैर कहा कि वह ऐसे राजनेता हैं जिन पर सबसे ज्यादा चुटकुले बनते हैं और जिनसे उनकी पार्टी भी दूरी बनाकर चलना पसंद करती है. अगर आप गूगल करेंगे तो इस कांग्रेस नेता से ज्यादा किसी भी और राजनेता पर चुटकुले नहीं बने होंगे.’ इसके आगे पीएम ने कहा ‘उनके बोलचाल का तरीका और वह ऐसी ऐसी हरकतें करते हैं कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी उनसे 10 फुट दूर रहना पसंद करते हैं.’ इसके साथ ही मोदी ने यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के इस फैसले पर भी सवाल उठाया जिसके तहत उन्होंने कांग्रेस के साथ गठबंधन करने का फैसला लिया. पीएम मोदी ने पूछा ‘जिस नेता से कांग्रेस के बड़े बड़े नेता किनारा करते हैं, अखिलेश जी आपने उसे गले लगा लिया. मुझे आपके विवेक पर संशय हो रहा है.’ उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर तंज कसते हुए कहा था कि बाथरूम में रेनकोट पहनकर नहाना मनमोहन सिंह से सीखें. पीएम मोदी ने कहा कि 30-35 सालों से आर्थिक फैसलों में मनमोहन सिंह की भूमिका रही. इतने घोटाले सामने आए लेकिन मनमोहन सिंह पर दाग नहीं लगा. मनमोहन पर पीएम मोदी की टिप्पणी के बाद सदन में जोरदार हंगामा हुआ और कांग्रेस के सांसदों ने पीएम से माफी की मांग की है.


Scroll To Top
Translate »