नई दिल्ली। गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा के पीएम प्रत्याशी नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मध्यप्रदेश के छतरपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान की सरकार को जनता की सेवा का जब जब मौका मिला तब तब उन्होंने ईमानदारी के साथ राज्य की जनता की सेवा की। वहीं, कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास झूठ मैन्यूफैक्चरिंग करने की फैक्ट्री है।
मोदी ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस हिसाब देने को तैयार नहीं है, जबकि शिवराज सिंह चौहान के शासनकाल में जो कार्य हुए उसे आप देख सकते है। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की सरकार ने एमपी के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मध्यप्रदेश के राष्ट्रीय राजमार्गो को मरम्मत नहीं कर रही है, ताकि पर्यटक यहां नहीं आ सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल भड़ाकाऊ भाषण देती है। कांग्रेस का विकास से कोई सरोकार नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ साजिश की जा रही है।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से जुड़ीं और खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मोदी ने अपने संबोधन भाषण रैली में तो किसी विरोधी नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन इशारे इशारे में उन्होंने दिग्विजय सिंह, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को कठघरे में खड़ा कर दिया। दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा से पहले की जो सरकार थी उसने अपने शासन काल में राज्य में इतने गड्ढ़े किए कि उसे भरने में 10 साल लग गए।
मोदी ने कांग्रेस को ललकारते हुए कहा कि यदि उन्हें मुकाबला करना है तो वे भाजपा से विकास के नाम पर मुकाबला करें। उनके अंदर वो हिम्मत नहीं है जो हमें विकास के लिए ललकारें। कांग्रेस किसी भी चीज का हिसाब देने को तैयार नहीं। शिवराज सिंह की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि वे जहां जहां गए, वहां उनका भव्य सम्मान हुआ, स्वागत हुआ। इसका कारण यह था कि उन्हें जब भी मप्र की सेवा करने का मौका मिला, विकास के लिए काम किया।
https://rashtriyadinmaan.com
