नई दिल्लीः मानसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा में विपक्ष ने ललित मोदी मुद्दे को लेकर जमकर हंगामा किया। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने ललित मोदी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पीएम मोदी किए सभी वादे झूठे साबित हो रहे हैं। उन्हाेंने इस संबंध में सुषमा स्वराज और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के इस्तीफे की मांग की। इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। सदन में हंगामा थमता न देख सभापति हामिद अंसारी ने तीसरी बार कार्रवाई स्थगित कर दी। उधर, लोकसभा में मृतक सांसदों को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्रवाई कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।
मुद्दा छेड़ें विदेश मंत्री देंगी जवाब
इस बीच, राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष इससे पीछे हट रहा है। वे चर्चा नहीं केवल अवरोध उत्पन्न करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ललित मोदी मुद्दे पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज स्वयं अपना पक्ष सदन में रखने को तैयार हैं।
मोदी ने सोनिया, मुलायम से पूछी कुशलक्षेम
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और संसदीय कार्यमंत्री एम वेंकैया नायडु ने आज लोकसभा में विपक्ष के नेताओं से मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम पूछी। कार्रवाई शुरू होने से पांच सात मिनट पहले श्रीमती गांधी भी सदन में आ चुकीं थीं। श्रीमती स्वराज एवं श्री नायडु भी चंद मिनट पहले सदन में आ गए थे। उन्होंने विपक्षी बेंचों की ओर रुख किया और श्रीमती स्वराज ने श्रीमती गांधी से बातचीत की। दोनों के चेहरों पर मुस्कराहट थी। थोड़ी देर बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी सदन में पहुंचे और उनके आते ही सत्ता पक्ष के सदस्य खड़े हो गए। वह हाथ जोड़े हुए रामविलास पासवान से मिलते हुए आगे बढ़े और विपक्ष की बेंच पर अन्नाद्रमुक के नेता पी वेणुगोपाल के हाथ मिलाया और फिर समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के पास पहुंचे और उनसे उनकी गर्दन में किसी तकलीफ के बारे में पूछा। इसके बाद वे श्रीमती गांधी के पास गए और हाथ जोड़ कर अभिवादन किया।
केंद्र सरकार से जुड़े मामले
1. ललित गेट: ललितगेट के नाम से चर्चित इस केस में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे निशाने पर होंगी। विपक्ष इस मामले में दोनों के इस्तीफे के साथ पीएम मोदी के बयान पर अड़ सकता है।
2. डिग्री विवाद: मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृृति ईरानी का डिग्री विवाद भी विपक्ष उठा सकता है।
https://rashtriyadinmaan.com
