
नई दिल्ली | दिल्ली में कोरोना की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को राजधानी में 10,665 नए संक्रमित मिले हैं, वहीं आठ लोगों की मौत हो गई है। कुल कोरोना संक्रमितों की बात करें तो यह संख्या 23,307 हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सकारात्मकता दर 11.08 फीसदी हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हुए हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली में 10,665 नए मामले दर्ज हुए है। पिछले 24 घंटों में लगभग ये दोगुने नए मामले हैं। मंगलवार को 5481 नए मामले सामने आए थे। इससे पहले 12 मई 2021 को कोविड के एक दिन में सबसे ज्यादा केस सामने आए थे।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बुधवार सुबह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बात की आशंका जता दी थी कि राजधानी में 10 हजार लोग संक्रमित मिल सकते हैं। उन्होंने कहा था कि लगातार आ रहे मामले यह साफ करते हैं कि देश में तीसरी लहर आ चुकी है और दिल्ली में पांचवीं लहर शुरू हो चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी थी कि इन हालातों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने निजी अस्पतालों को निर्देश दिया है कि वो अपने कोविड बेड की क्षमता को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर लें। वर्तमान में सरकारी अस्पतालों में सिर्फ दो प्रतिशत बेड ही भरे हैं।
अस्पताल, बुलेटिन और सरकारी पोर्टल, सबके आंकड़ें दिख रहे अलग अलग
कोरोना संक्रमण को लेकर एक बार फिर अस्पताल, हेल्थ बुलेटिन और दिल्ली सरकार के पोर्टल सभी के आंकड़ें अलग अलग दिखाई देने लगे हैं। साल 2020 में कोरोना महामारी आने के बाद भी इस तरह की स्थिति थी लेकिन उसके बाद सरकार ने अस्पतालों को निर्देश देते हुए सही जानकारी समय पर पहुंचाने के लिए कहा था।
हेल्थ बुलेटिन के अनुसार दिल्ली के अस्पतालों में 168 कोरोना मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। वहीं 14 मरीज वेंटिलेटर पर भर्ती हैं। इन अस्पतालों में कुल 531 कोरोना मरीज भर्ती हैं जिनमें से 41 मरीज संदिग्ध हैं। जबकि दिल्ली सरकार के पोर्टल ‘दिल्ली फाइट कोरोना’ की मानें तो राजधानी के अस्पतालों में अभी 905 कोरोना मरीज भर्ती हैं। यानी बुलेटिन की तुलना में करीब दोगुना संख्या है। इसी तरह ऑक्सीजन पर 881 मरीज हैं जो बुलेटिन की तुलना में करीब सात गुना अधिक हैं। वहीं 64 मरीज वेंटिलेटर पर हैं जोकि साढ़े चार गुना से अधिक है।
इनके अलावा जब अस्पतालों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो दिल्ली के सबसे बड़े कोविड केंद्र लोकनायक अस्पताल से जानकारी मिली है कि अकेले उन्हीं के यहां 15 मरीज वेंटिलेटर पर हैं और 49 मरीजों की हालत गंभीर है जिन्हें बाईपैप मशीन पर रखा गया है। यहां आईसीयू में 64 मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा अस्पताल में पांच मरीजों की संक्रमण से मौत भी हुई है। इनके अलावा पुरानी दिल्ली स्थित रामलीला मैदान पर बने आईसीयू कोविड केंद्र में 45 मरीज उपचाराधीन हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
