दिल्ली में लगातार तीसरे दिन कोरोना के 4000 से अधिक मामले, अब तक 4687 की मौत


नई दिल्ली | दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले तीन दिनों से लगातार चार हजार से अधिक संक्रमण के मामले दर्ज हो रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी में सबसे पहले 9 सितंबर को चार हजार से अधिक लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। उस दिन 4039 मामले सामने आए थे। इसके बाद 10 सितंबर को एक दिन में सर्वाधिक 4308 संक्रमित मिले थे। शुक्रवार यानी 11 सितंबर को यह आकड़ा गुरुवार से थोड़ा कम है। आज राजधानी में 4266 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है।

शुक्रवार शाम को जारी हुई दिल्ली सरकार की हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, 4266 नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या अब 2 लाख 09 हजार 748 हो गई है। इसमें से 1 लाख 78 हजार 154 लोग इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। राष्ट्रीय राजधानी में फिलहाल कोरोना के 29 हजार 907 सक्रिय मामले हैं। इसमें से 14 हजार 571 लोग होम आइसोलेशन में हैं जबकि बाकी के लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 21 लोगों की मौत हुई है। इस तरह दिल्ली में इस महामारी की चपेट में आकर अभी तक कुल 4687 लोगों की जान जा चुकी है। राजधानी में केस फैटालिटी रेट 2.33 प्रतिशत है। मामले बढ़ने के साथ ही राजधानी में कंटेनमेंट जोन की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। वर्तमान में दिल्ली के अलग-अलग 1329 इलाके कंटेनमेंट जोन में तब्दील हो चुके हैं।

टेस्टिंगी की बात करें तो आज दिल्ली में कुल 60 हजार 580 कोरोना नमूनों की जांच हुई है। इसमें से 8305 सैंपल्स की जांच आरटीपीसीआर/सीबीनैट/ट्रूनैट माध्यम से हुई है जबकि 52 हजार 275 नमूने रैपिड एंटीजन तकनीक से जांचे गए हैं। दिल्ली में अभी तक 20 लाख 22 हजार 700 कोरोना सैंपल्स की जांच हो चुकी है। राजधानी में पॉजिटिविटी रेट 7.04 प्रतिशत है। दिल्ली सरकार ने अब मोहल्ला क्लिनिक में भी कोरोना टेस्टिंग की सुविधा शुरू कर चुकी है। प्रतिदिन दोपहर दो बजे से लेकर पांच बजे तक मोहल्ला क्लिनिक में कोरोना टेस्टिंग होगी।


Scroll To Top
Translate »