
Rudrapura | “इंडस्ट्रियल सम्मिट” से लौटकर किच्छा विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि राज्य के लिए 120 (एक सौ बीस) लाख करोड़ रुपए के निवेश हेतु 601 उद्योगों का निवेश के लिए एम0ओ0यू0 पर हस्ताक्षर करना राज्य के लिए ऐतिहासिक एवं सुखद अवसर है तथा इन निवेश में कई बड़े उद्योग किच्छा के खुफिया फॉर्म स्थित सिडकुल में उद्योग लगाने के लिए भी तैयार हैं।
विधायक शुक्ला ने कहा कि उनकी तमाम उद्योगों के मालिकों, मुख्यमंत्री व कई केंद्रीय मंत्रियों से देहरादून में विस्तार से चर्चा हुई है तथा ऊर्जा, स्वास्थ्य, मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में कई बड़े उद्योग समूह किच्छा में निवेश के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्रियल सम्मिट के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात हुई तथा उन्होंने नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में किच्छा में कार्यक्रम देने का आश्वासन दिया है।
विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा भ्रष्टाचार पर प्रहार करने के बाद देश और दुनिया में उत्तराखंड की छवि सुधरी है तथा यहां उपलब्ध प्रचुर मात्रा में मानव संसाधन एवं शुद्ध वातावरण व सुदृढ़ कानून व्यवस्था के कारण देश व दुनिया के उद्योग उत्तराखंड में आना चाहते हैं, इसके लिए मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत बधाई के पात्र हैं। विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा उद्योगों के आमंत्रण हेतु 2012-2017 के दौरान कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए। उल्टे जो 10 वर्ष का पैकेज भारत सरकार ने श्री अटल बिहारी बाजपेई के प्रधानमंत्री रहते हुए उत्तराखंड को दिया था, उसे भी पूर्ववर्ती श्री मनमोहन सिंह की सरकार ने 3 वर्ष कम कर 7 वर्ष के लिए कर दिया था तथा श्री अटल बिहारी बाजपेई जी द्वारा प्रदत पैकेज का लाभ उठाने के दौरान तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस सरकार 50% ऐसे उद्योगों को उक्त लाभ दिया गया जो पैकेज समाप्त होते ही यहां से चले गए, जबकि वर्तमान प्रदेश व केंद्र सरकार वास्तविक रूप से उद्योग स्थापित करने के इच्छुक उद्योगों को निवेश के लिए आमंत्रित कर रही है।
https://rashtriyadinmaan.com
