लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई सिटी लाॅजिस्टिक प्लान की बैठक
शहर के घनी आबादी वाले इलाकों में संचालित मंडियों को आउटर रिंग रोड व शहीद पथ के बीच किया जाएगा स्थानांतरित

स्टाॅक चेकिंग के लिए हजरतगंज स्थित मीराबाई मार्ग पर नहीं लाये जाएंगे भारी वाहन, जीएसटी विभाग को वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराएगा एलडीए
लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में शनिवार को सिटी लाॅजिस्टिक प्लान की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। इसमें शहर की बढ़ती आबादी के दृष्टिगत भविष्य में ट्रैफिक के कुशल प्रबंधन के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गयी।
इस दौरान उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि शहर के घनी आबादी वाले इलाकों में संचालित मंडियों को आउटर रिंग रोड व शहीद पथ के बीच स्थानांतरित करने की दिशा पर काम किया जाए। इसके लिए सम्बंधित कंसल्टेंसी फर्म के प्रतिनिधि ट्रैफिक पुलिस व प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ सर्वे करके स्थान चिन्हित कर लें। साथ ही व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों व सम्बंधित स्टेक होल्डर्स के साथ अलग से बैठक करके उनकी सुविधा अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित करायें।
बैठक में सर्वप्रथम यू0एम0टी0सी0 (अर्बन मास ट्रांजिट कंपनी लिमिटेड) के प्रतिनिधियों द्वारा सिटी लाॅजिस्टक प्लान का प्रेजेन्टेशन दिया गया। इसमें भविष्य की जरूरतों को देखते हुए मोहनलालगंज स्टेशन के पास एम0एम0एल0सी0 (मल्टी मोडल लाॅजिस्टिक पार्क) विकसित किये जाने का प्रस्ताव दिया गया है। इसके अंतर्गत रोड व रेलवे के माध्यम से ट्रांसपोर्टेशन की सुविधा रहेगी, साथ ही एक स्थान पर स्टोरेज के लिए वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज एवं कन्टेनर टर्मिनल्स की व्यवस्था रहेगी। इसके अतिरिक्त शहर की काॅमर्शियल स्ट्रीट व लखनऊ में कानपुर रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर को पुनर्विकसित करने के साथ ही बाराबंकी में लगभग 100 एकड़ क्षेत्रफल में नया ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करने का प्रस्ताव दिया गया। इस क्रम में इटौंजा के पास सीतापुर रोड पर कोल्ड स्टोरेज व भारी वाहनों के लिए पार्किंग फैसेलिटी उपलब्ध कराने के विकल्प पर चर्चा की गयी।
इस दौरान उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि नो-इंट्री के समय विशेषतः अयोध्या रोड व कानपुर रोड पर भारी वाहनों की लंबी कतार सड़क पर लगती है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या के साथ ही सड़क हादसों की भी प्रबल संभावना रहती है। इसके दृष्टिगत इन दोनों हाई-वे के किनारे शहर के बाहरी हिस्से में वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान चिन्हित कर लिया जाए, जिसमें पार्किंग फैसेलिटी के साथ ही पेट्रोल पम्प, मोटर रिपेयर शाॅप, ढ़ाबे व टॉयलेट आदि सुविधाओं का भी प्राविधान किया जाए। बैठक के दौरान जीएसटी विभाग के अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि कई बार स्टाॅक चेकिंग के लिए ट्रकों को रोककर हजरतगंज में मीराबाई मार्ग स्थित जीएसटी कार्यालय लाना पड़ता है, जिससे वहां यातायात बाधित होता है। इस पर उपाध्यक्ष ने तत्काल ही इस समस्या का समाधान निकाला। उन्होंने भारी वाहनों की स्टाॅक चेकिंग हेतु जीएसटी विभाग को ट्रांसपोर्ट नगर, रमाबाई पार्किंग अथवा आशियाना में निःशुल्क जगह उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
बैठक में अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, नगर नियोजक के0के0 गौतम, सहायक अभियंता रहुल वर्मा, यू0एम0टी0सी0 की असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट कनिका कालरा व प्रोजेक्ट मैनेजर अभिषेक हलधर समेत यातायात पुलिस, जीएसटी, यूपीडा, एयरपोर्ट एवं रेलवे के अधिकारी उपस्थित रहे।
https://rashtriyadinmaan.com
