नाभा जेल मामला: राजनाथ सिंह ने मांगी रिपोर्ट, सुरक्षा कड़ी करने का दिया निर्देश


 

133149-singh-700

 

नई दिल्ली : गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने नाभा जेल से कैदियों के भागने की घटना को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से रविवार को बातचीत की और राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी।

अधिकारियों ने बताया कि हैदराबाद में मौजूद गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री से पंजाब के सभी जेलों में सुरक्षा कड़ी करने के लिए त्वरित कदम उठाने को कहा।

दोनों नेताओं ने फोन पर करीब 15 मिनट तक बातचीत की। इस दौरान बादल ने सिंह को घटना के बारे में बताया और अपराधियों को पकड़ने के लिए उठाये गये कदमों की जानकारी दी।

सिंह ने कहा, ‘मैंने गृह सचिव से पंजाब सरकार से तुरंत रिपोर्ट प्राप्त करने को कहा है। अगर पंजाब सरकार को किसी तरह की सहायता की आवश्यकता होगी तो हम उपलब्ध कराएंगे।’ पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने भी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाकार अजीत डोभाल से बात की और उन्हें घटना के बारे में अवगत कराया। उन्होंने एनएसए को अपराधियों को पकड़ने के लिए उठाये जाने वाले कदमों की जानकारी दी।

घटना से चिंतित गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार से जल्द-से-जल्द विस्तृत रिपोर्ट देने के लिए कहा है।

केंद्रीय गृह सचिव राजीव महर्षि ने भी पंजाब के पुलिस महानिदेशक से बात की और राज्य के सभी जेलों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। गौरतलब है कि पुलिस की वर्दी में आये कुछ हथियारबंद लोगों ने पटियाला जिले के उच्च सुरक्षा वाले नाभा जेल पर हमला किया और खलिस्तान लिबरेशन फ्रंट के प्रमुख हरमिंदर मिंटू समेत छह कैदियों को भगा ले गए।

दो दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने हैदराबाद में पुलिस महानिदेशकों के सम्मेलन में पंजाब और चार अन्य राज्यों में होने वाले चुनावों को देखते हुए सुरक्षा बलों से ‘द्वेषपूर्ण’ राजनीतिक अभियान या बाहरी उग्रवादी बलों द्वारा शांति भंग करने के किसी भी प्रयास को रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम करने को कहा था।


Scroll To Top
Translate »