
नई दिल्ली | बजट सत्र के दूसरे चरण का आज 17वां दिन है। आज राज्यसभा में सांसदों को विदाई दी जा ही है। इस दौरान सभी सांसद सदन में अपने विचार रख रहे हैं। इस दौरान समाजवादी छोड़ कर भाजपा का दामन थामने वाले सांसद नरेश अग्रवाल ने कांग्रेस सांसद गुलामनबी आजाद पर पलटवार किया तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का शुक्रिया अदा किया।
नरेश अग्रवाल ने कहा कि मैंने अमित शाह और पीएम मोदी के बारे में कई बार गलत शब्दों का इस्तेमाल किया, लेकिन इसके बावजूद भी उन्होंने मुझे पार्टी में स्वीकार किया है, इसके लिए मैं इनका धन्यवाद देता हूं। नरेश अग्रवाल ने कहा है कि मेरे अंदर कुछ तो विशेषता या चतुराई होगी, जिसके कारण मैं यहां पहुंचा हूं।
वहीं इससे पहले कांग्रेस के गुलाब नबी आजाद ने नरेश अग्रवाल पर तंज कसा और कहा कि मुझे भरोसा है कि वे जिस पार्टी में गए हैं, वो उनकी काबिलियत का फायदा उठाएगी। हां, वे अपनी भाषा का ख्याल रखें। आजाद जब यह कह रहे थे नरेश मुस्करा रहे थे। बता दें कि समाजवादी पार्टी से नाराज होकर उन्होंने पिछले दिनों भाजपा का दामन थाम लिया था। क्योंकि पार्टी ने उनकी जगह जया बच्चन को टिकट दिया था।
कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा- “मैं रिटायर साथियों का आभारी हूं। नए साथियों का स्वागत करता हूं। खास तौर पर नरेश अग्रवाल जी का धन्यवाद देना चाहता हूं, वह वो सूरज हैं, जो इधर डूबे और उधर ऊगे। मैं चाहता हूं कि वो आगे सदन को अपने भाषणों से अवगत कराते रहेंगे और भाषा का ख्याल रखेंगे। मैं बीजेपी के सभी सांसदों का भी स्वागत करता हूं।”
सदन में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद बोले आज कई सांसद रिटायर हो रहे हैं। मैं कहना चाहता हूं कि यह विदाई है, जुदाई नहीं। संसद के सेंट्रल हॉल में दोनों सदनों के मेंबर मिलते हैं। यहां पूर्व सांसद भी मिल जाते हैं। कांग्रेस चैयरमेन के खिलाफ नहीं है। हम सदन के साथियों के व्यवहार से नाराज हैं, जो हमें बैंक में लूटमार, किसानों और गरीबों के मुद्दे नहीं उठाने दे रहा है। हम इसके लिए लड़ रहे हैं।
सपा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा कि इस बार सांसदों की संख्या के तौर पर देखा जाए तो सबसे ज्यादा नुकसान हमें हुआ है।
https://rashtriyadinmaan.com
