एनसीएल ने नूतन वर्ष में लिए 5 बड़े संकल्प—-पी.के. सिन्हा


WhatsApp Image 2018-01-01 at 6.47.39 PM

 

 

कंपनी के हितग्राहियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सीएमडी श्री पी.के. सिन्हा एवं निदेशक मंडल ने की इन संकल्पों को साकार करने की अपील

भारत सरकार की मिनी रत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने नूतन वर्ष 2018 के लिए अपने 05 बड़े संकल्प लिए हैं। कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री पी.के. सिन्हा एवं निदेशक मंडल ने कंपनी के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों और समस्त हितग्राहियों को नए वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए इन संकल्पों को पूरा किए जाने की दिशा में तन्मयता से जुटने की अपील की है।

हर संकल्प की समान अहमियत बताते हुए कंपनी ने कहा है कि वर्ष 2018 में एनसीएल का पहला संकल्प कंपनी के कोयला उत्पादन एवं प्रेषण को अब तक की सर्वाधिक ऊंचाई तक ले जाते हुए कंपनी को उत्पादन एवं उत्पादकता के नए उत्कर्ष पर पहुंचाना है तथा राष्ट्र के ऊर्जा स्तंभ के रूप में अपनी तय जिम्मेदारियों पर पूरी तरह खरा उतरना है। दूसरे संकल्प के रूप में कंपनी ने संरक्षा (सेफ्टी) एवं सुरक्षा (सिक्योरिटी) को सर्वोपरि मानते हुए इनकी बेहतरी की दिशा में नए कदम उठाने तथा कर्मियों के कल्याणकारी कार्यों को नई दिशा व दशा दिए जाने की बात कही है।

तीसरे संकल्प के रूप में कंपनी ने अपने हितग्राहियों के समावेशी विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता को और मजूबती से आगे बढ़ाने की बात कही है। साखकर सीएसआर के तहत स्थानीय ग्रामीणों एवं परियोजना प्रभावित लोगों के विकास का प्रयास करते हुए समाज के अंतिम आदमी को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का संकल्प कंपनी ने लिया है। स्थानीय बेरोजगार युवाओं के कौशल विकास पर कंपनी का मुख्य जोर होगा।

चौथे एवं बेहद अहम संकल्प के रूप में कंपनी ने पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन को लिया है और कहा कि एक जिम्मेदार कॉरपोरेट सिटिजन के रूप में इस दिशा में कंपनी अपनी स्थापित पहचान को और सशक्त करेगी। अपने पांचवे एवं आखिरी संकल्प के रूप में कंपनी ने खुद को एक विश्वस्तरीय कोयला उत्पादक कंपनी बनाने की दिशा में सार्थक एवं समर्पित प्रयास जारी रखने की बात कही है।

सोमवार को नए वर्ष के पहले दिन एनसीएल मुख्यालय में सीएमडी एवं निदेशक मंडल ने मुख्यालय स्तरीय सभी विभागों का भ्रमण कर कर्मियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं और इन संकल्पों को पूरा किए जाने हेतु कर्मियों को प्रेरित किया। साथ ही, सीएमडी एवं निदेशक मंडल ने कर्मियों को नए वर्ष पर कंपनी की ओर से एक-एक कलम की सौगात भी दी।


Scroll To Top
Translate »