
सिंगरौली नगर निगम के स्वच्छता सर्वेक्षण में कंपनी के केंद्रीय चिकित्सालय ने हासिल किया प्रथम स्थान
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ‘स्वच्छ भारत’ के सपने को साकार करने हेतु निरंतर कटिबद्ध नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) को स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। कंपनी के केंद्रीय चिकित्सालय, सिंगरौली ने सिंगरौली नगर निगम द्वारा अपने परिक्षेत्र में किए गए स्वच्छता सर्वेक्षण में अस्पताल की श्रेणी में उत्कृष्ट स्वच्छ कार्य करने हेतु प्रथम स्थान प्राप्त किया है। सिंगरौली नगर निगम की महापौर श्रीमती प्रेमवती खैरवार ने रविवार को होटल सत्या इंटरनेशनल, बैढ़न में आयोजित समारोह में एनसीएल के केंद्रीय चिकित्सालय को सम्मानित किया। केंद्रीय चिकित्सालय, सिंगरौली के प्रमुख चिकित्सा सेवाएं (सीएमएस) डॉ॰ उमाशंकर ने अस्पताल की ओर से समारोह में सम्मान-पत्र ग्रहण किया।
एनसीएल के शीर्ष प्रबंधन ने चिकित्सालय की इस उपलब्धि के लिए डॉ॰ उमाशंकर एवं उनकी टीम को बधाई दी है। साथ ही, उम्मीद जाहीर की है कि कंपनी स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘स्वच्छ भारत अभियान’ को सफल बनाने में इसी प्रकार योगदान देती रहेगी।
सिंगरौली नगर निगम ने दिसंबर, 2017 में अपने परिक्षेत्र में आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न वर्गों में स्वच्छता सर्वेक्षण प्रतियोगिता आयोजित की थी। प्रतियोगिता के स्वच्छ अस्पताल वर्ग में भाग लेने वाले सिंगरौली नगर निगम परिक्षेत्र के अस्पतालों को वेस्ट मैनेजमेंट (अपशिष्ट प्रबंधन), इंफ्रास्ट्रक्चर (आधारभूत संरचना), मानव संसाधन, संस्थागत व्यवस्था एवं प्रक्रिया और साफ-सफाई व सफाई व्यवस्था करने हेतु किए गए अभिनव प्रयासों के पांच मानदंडों पर परखा गया। पांचों मानदंडों में केंद्रीय चिकित्सालय के कार्यों को देखने हेतु 15 दिसंबर, 2017 को सिंगरौली नगर निगम की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। समग्र रूप से पांचों मानदंडों में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु नगर निगम ने एनसीएल के केंद्रीय चिकित्सालय को अपने परिक्षेत्र का सबसे स्वच्छ अस्पताल चुना।
गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘स्वच्छ भारत अभियान’ की शुरुआत से ही एनसीएल विभिन्न माध्यमों से इस अभियान को सफल बनाने हेतु निरंतर योगदान दे रही है। अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे ‘स्वच्छ विद्यालय अभियान’ में योगदान देते हुए एनसीएल ने सिंगरौली सहित मध्य प्रदेश के 12 जिलों में 6233 शौचालयों का निर्माण एवं मरम्मत कराई है। कंपनी हर वर्ष ‘स्वच्छता पखवाड़े’ का आयोजन कर विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से अपने कर्मचारियों, उनके परिजनों और आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करती है।
https://rashtriyadinmaan.com
