एनडीए की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी मुर्मू लखनऊ पहुंचीं, भाजपा विधायकों-सांसदों के साथ की बैठक


पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करतीं द्रोपदी मुर्मू

लखनऊ | राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की प्रत्याशी द्रोपदी मुर्मू शुक्रवार को लखनऊ पहुंचीं। लोक भवन में आयोजित एनडीए की बैठक में द्रोपदी मुर्मू ने भाजपा, अपना दल और निषाद पार्टी के विधायकों से मत एवं समर्थन देने की अपील की। भाजपा ने द्रोपदी मुर्मू के लखनऊ दौरे को भव्य बनाकर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग को साधने का प्रयास किया।

द्रोपदी मुर्मू शुक्रवार दोपहर लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरीं। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत तमाम भाजपा नेताओं व पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह वीवीआइपी नैमिषारण्य गेस्ट हाउस पहुंचीं। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे। यहां करीब आधे घंटे रुकने के बाद वह लोक भवन पहुंचीं।

लोक भवन में मुर्मू ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद वह बीजेपी के विधायकों और सांसदों के साथ बैठक की। वहीं मुर्मू के स्वागत में मुख्यमंत्री आवास पर रात्रि भोज का कार्यक्रम रखा गया। जिसमें सपा विधायक शिवपाल यादव भी पहुंचे।


Scroll To Top
Translate »