नई दिल्ली | स्विटजरलैंड की कंपनी नेस्ले इस महीने से लोकप्रिय मैगी नूडल्स की बिक्री शुरू करेगी। कंपनी ने कहा है कि सरकार द्वारा मान्यताप्राप्त प्रयोगशालाओं की जांच में हाल ही में बने (विनिर्मित) मैगी नूडल्स को सुरक्षित पाया गया है।
बंबई हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार, कंपनी के तीन कारखानों नानजानगुड (कर्नाटक), मोगा (पंजाब) और बिछोलीम (गोवा) में तैयार मैगी नूडल्स के सभी नमूनों को जांच के लिए मान्यताप्राप्त प्रयोगशालाओं में भेजा गया था। जांच में मैगी नूडल्स को मंजूरी मिल गई है।
नेस्ले इंडिया ने एक बयान में कहा, अब बंबई हाईकोर्ट के आदेश का पालन कर लिया गया है। इसके साथ ही नवंबर में मैगी नूडल्स मसाला की बिक्री के लिए अपनी ओर से पूरा प्रयास करेंगे। साथ ही जिन राज्यों में मंजूरी की जरूरत है, हम वहां बात करेंगे। नेस्ले अपने दो अन्य कारखानों ताहिलवाल (हिमाचल प्रदेश) और पंतनगर (उत्तराखंड) में मैगी नूडल्स का विनिर्माण शुरू करने की तैयारी में है।
बता दें कि मैगी नूडल्स में सीसा और एमएसजी कथित रूप से निर्धारित सीमा से अधिक पाए जाने के बाद गत जून से इस पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इससे कंपनी को 30,000 टन नूडल्स नष्ट करना पड़ा, जिससे उसे 450 करोड़ का नुकसान हुआ।
कंपनी अपने मौजूदा फार्मूले के आधार पर ही नूडल्स बनाएगी और उसके अवयव में कोई बदलाव नहीं करेगी।
https://rashtriyadinmaan.com

