
पटना। विधानसभा में विश्वासमत हासिल करने के बाद शनिवार को नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी ने 26 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। इनमें 14 जदयू और 11 भाजपा के हैं। जबकि राजग में शामिल लोजपा को एक मंत्री पद मिला है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और हिमाचल प्रदेश के प्रभारी मंगल पांडेय भी मंत्री नामित किए हैं, लेकिन वह शपथ ग्र्रहण समारोह में समय से नहीं पहुंच पाए।
राजभवन के राजेंद्र मंडपम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, विधान परिषद के उपसभापति हारून रशीद सहित बड़ी संख्या में सांसद और विधायक मौजूद थे।
जदयू कोटे से 19 मंत्री बनाए जाने हैं। पहले मंत्रिमंडल विस्तार में जदयू से 14 मंत्रियों को ही शपथ दिलाई गई। जदयू के मंत्रियों में विजेंद्र प्रसाद यादव, राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, श्रवण कुमार, जयकुमार सिंह, कृष्णनंदन वर्मा, महेश्वर हजारी, शैलेश कुमार, श्रीमती मंजू वर्मा, संतोष कुमार निराला, खुर्शीद उर्फ फिरोज अहमद, मदन सहनी, कपिलदेव कामत, दिनेश चंद्र यादव और रमेश ऋषिदेव शामिल हैं।
इनमें दिनेश चंद्र यादव और रामजी ऋषि को छोड़कर बाकी सभी महागठबंधन सरकार में भी मंत्री थे। हालांकि ये दोनों भी पहले मंत्री रह चुके हैं।
वहीं भाजपा के मंत्रियों में नंदकिशोर यादव, प्रेम कुमार, मंगल पांडेय, रामनारायण मंडल, विनोद नारायण झा, सुरेश शर्मा, प्रमोद कुमार, विजय कुमार सिन्हा, राणा रणधीर सिंह, विनोद कुमार कुशवाहा, कृष्ण कुमार ऋषि और ब्रजकिशोर बिंद शामिल हैं। इनमें नंदकिशोर यादव, प्रेम कुमार और रामनारायण मंडल ही पहले मंत्री रह चुके हैं। मंगल पांडेय, सुरेश शर्मा, विनोद नारायण झा, प्रमोद कुमार, विजय कुमार सिन्हा, राणा रणधीर सिंह, विनोद कुमार कुशवाहा, कृष्ण कुमार ऋषि और ब्रज किशोर बिंद पहली बार मंत्री बने हैं। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के छोटे भाई पशुपति कुमार पारस लोजपा से शपथ लेने वाले एकमात्र मंत्री हैं।
– चेरिया बेरियारपुर से जदयू की विधायक कुमारी मंजू वर्मा ने मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
https://rashtriyadinmaan.com
