
लखनऊ| केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने देश के छोटे शहरों के लिए ‘अमृत प्लस’ नाम से योजना जल्द शुरू करने को कहा है। कहा कि वह इस पर विचार कर रहे हैं। अमृत योजना में एक लाख के ऊपर की आबादी वाले शहरों को लिया गया, अब अमृत प्लस योजना में 50,000 से एक लाख तक की आबादी वाले शहरों को लेने पर विचार किया जा रहा है।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अमृत, स्मार्ट सिटी व प्रधानमंत्री आवास योजना के तीन साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में देशभर के मेयर, चेयरमैन, नगर आयुक्त व इससे संबंधित विभागों के प्रमुख सचिव शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि अमृत योजना जून 2015 में शुरू की गई। इसमें देशभर के कुल 500 शहरों को लिया गया। इसमें उत्तर प्रदेश के 60 शहर हैं। इस योजना का मुख्य मकसद शहरी लोगों को स्वच्छ पेयजल, सीवर का कनेक्शन देने के साथ ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार लाना है। अमृत योजना की सफलता को देखने हुए उनके मन में विचार आया है कि छोटे शहरों के लिए अमृत प्लास नाम से योजना शुरू कर उनके विकास का काम शुरू कराया जाए।
https://rashtriyadinmaan.com
