
मुख्यमंत्री ने प्रयाग कुम्भ के दौरान गंगा नदी में गिरने वाले नालों की
रोकथाम,तथा कानपुर की टैनरीज़ की शिफ्टिंग की प्रगति की समीक्षा की
लखनऊ| मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां शास्त्री भवन में प्रयाग कुम्भ-2019 के दौरान गंगा नदी में गिरने वाले नालों की रोकथाम, सहायक नदियों की स्वच्छता से सम्बन्धित कार्ययोजनाओं तथा कानपुर की टैनरीज़ की शिफ्टिंग की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा जी में गिरने वाले सभी नालों इत्यादि का 15 दिसम्बर, 2018 से पूर्व समाधान करते हुए अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि इस तिथि के उपरान्त गंगा जी में किसी भी प्रकार की गन्दगी नहीं गिरेगी। सीवेज तथा अन्य प्रदूषणकारी उत्प्रवाह के ट्रीटमेन्ट के लिए स्थापित किए जा रहे एस0टी0पी0 समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि नदियों में सीवर का प्रदूषण न पहुंचे, जिससे गंगा जी में निर्मल धारा अच्छे जल स्तर और प्रवाह के साथ उपलब्ध हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयाग कुम्भ-2019 के मद्देनजर गंगा जी की स्वच्छता एवं निर्मलता पर विशेष ध्यान दिया जाए। महत्वपूर्ण स्नान दिवसों जैसे मकर संक्रांति, पौष पूर्णिमा, मौनी अमावस्या, बसन्त पंचमी, माघी पूर्णिमा, तथा महाशिवरात्रि पर्वाें पर गंगा जी में पर्याप्त निर्मल जल की व्यवस्था की जाए। बैठक में प्रमुख सचिव, सिंचाई द्वारा अवगत कराया गया कि इन महत्वपूर्ण पर्वाें पर जल की उपलब्धता हेतु टिहरी, भीमगौड़ा, नरोरा एवं कानपुर बैराज से डाउनस्ट्रीम में पानी छोड़ने की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा जी के किनारे बसे 1627 ग्रामों में स्वच्छता का विशेष अभियान चलाया जाए, जिससे यह गांव ओ0डी0एफ0 प्लस की ओर अग्रसर हो सके। गंगा जी में सीधे गिरने वाले नाले, जो टैप नहीं किये जाते हैं, के रेमिडिएशन का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। इस पर सम्बन्धित अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि अब तक 99 नाले टैप किये जा चुके हैं, जबकि 127 नाले शोधन हेतु बचे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सी0ई0टी0पी0 में वैकल्पिक ऊर्जा का उपयोग करने तथा जल के प्रदूषण को कम करने के लिए आई0आई0टी0 कानपुर एवं आई0आई0टी0 बी0एच0यू0 के सहयोग से कार्य किया जाए। इस अवसर पर यू0पी0एस0आई0डी0सी0 के अधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि रमईपुर/सेनपूरब पारा में मेगा लेदर क्लस्टर की स्थापना के लिए 183.416 हेक्टेयर भूमि की व्यवस्था के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि वाराणसी शहर के शाही नाले के जीर्णोद्धार का कार्य जायका सहायतित गंगा एक्शन प्लान के अन्तर्गत किया जा रहा है। जिसका लगभग 62 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इसी प्रकार दीनापुर में 95 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। गोइठहां में 120 एम0एल0डी0 एस0टी0पी0 का निर्माण कार्य ‘जे0एन0एन0यू0आर0एम0’ के अन्तर्गत पूर्ण किया जा चुका है।
इस अवसर पर वन मंत्री श्री दारा सिंह चैहान, मुख्य सचिव डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री एस0पी0 गोयल सहित सम्बन्धित विभागों के प्रमुख सचिव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
——
https://rashtriyadinmaan.com
