लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन ने निर्देश दिये हैं कि प्रदेश के कानपुर, आगरा, मेरठ और वाराणसी महानगरों के नगरवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने हेतु मेट्रो रेल की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट का ड्राफ्ट कानपुर नगर का आगामी 31 जुलाई, आगरा शहर का आगामी 31 अगस्त तक एवं वाराणसी तथा मेरठ शहर का आगामी 30 सितम्बर तक तैयार कर प्रस्तुत किया जाये। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराया जाये कि आगामी वर्ष 2016 के माह जनवरी में ही चारों शहरों में मेट्रो संचालन कार्य का शुभारम्भ करा लिया जाये।उन्होंने कहा कि मेट्रो प्रोजेक्ट कार्यों में तेजी लाने हेतु तथा सम्बन्धित विभागों से आवश्यक समन्वय एवं समाधान हेतु सम्बन्धित मण्डलायुक्तों की अध्यक्षता में मेट्रो सेल की स्थापना सम्बन्धित नगरों में करायी जाये। उन्होंने सम्बन्धित विकास प्राधिकरणों को मेट्रो सेल की आवश्यकतानुसार कर्मचारियों, परिवहन विशेषज्ञ एवं अन्य संसाधन उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मेट्रो सेल के कार्यालय के लिये उपयुक्त स्थान विकास प्राधिकरण यथाशीघ्र उपलब्ध कराये तथा मेट्रो परियोजना के कार्यान्वित कराने के लिये प्रत्येक शहर में अलग-अलग एस0पी0वी0 बनाये जायें, जिसमें प्रबंध निदेशक, कार्यात्मक निदेशक एवं अन्य तकनीकी कर्मचारियों को नियुक्त किया जाये। उन्होंने कहा कि चारों शहरांे में मेट्रो सेल की स्थापना के सम्बन्ध में परिपत्र एवं आदेश निर्गत किये जायें।
मुख्य सचिव आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में कानपुर, आगरा, मेरठ और वाराणसी महानगरों में मेट्रो संचालन हेतु प्रस्तुतीकरण पर आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि शहरों में मेट्रो संचालन हेतु चिन्हित मार्ग के सम्बन्ध में शहरवासियों से भी सुझाव अवश्य प्राप्त कर लिये जायें, ताकि उन्हें बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि संभावित मेट्रो स्टेशनों में आवश्यक पार्किंग हेतु पर्याप्त स्थान भी चिन्हित किया जाये ताकि छोटे एवं बड़े वाहनों से आने वाले नागरिकों को अपनी निजी वाहन पार्क करने में किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाये। उन्होंने बताया कि कानपुर नगर में दो काॅरीडोर क्रमशः 24 किलोमीटर एवं 09 किलोमीटर का बनाया जायेगा, जिनमें प्रथम काॅरीडोर में आई0आई0टी0 कानपुर से नौबस्ता वाया जी0टी0 रोड, माल रोड एवं हमीरपुर रोड वाया गुरुदेव चैराहा, रावतपुर रेलवे स्टेशन, नवीन मार्केट, फूलबाग, कानपुर सेण्ट्रल रेलवे स्टेशन, झकरकटी बस टर्मिनल और किदवई नगर में 14 स्टेशन एलीवेटेड तथा 08 स्टेशन अण्डरग्राउण्ड होंगे। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार काॅरीडोर-2 में एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी से बर्रा-8 वाया विजय नगर बर्रा रोड मार्ग में रावतपुर रेलवे स्टेशन, काकादेव, गोविन्दनगर, बर्रा-7 में 05 स्टेशन एलीवेटेड तथा 04 अण्डरग्राउण्ड स्टेशन हेतु स्थान चिन्हित किये गये हैं।
श्री रंजन ने बताया कि आगरा शहर में भी मेट्रो संचालन हेतु काॅरीडोर-1 में आगरा आई0एस0बी0टी0 से वाया से वाया अम्बेडकर यूनिवर्सिटी होटल ट्राइडेंट मार्ग को चिन्हित किया गया है, जिसमें राजा की मण्डी रेलवे स्टेशन, एस0एन0मेडिकल काॅलेज, हींग की मण्डी, आगरा फोर्ट सहित लगभग 11 कि0मी0 लम्बाई में 04 एलीवेटेड और 08 अण्डग्राउण्ड स्टेशन होंगे। उन्होंने बताया कि काॅरीडोर-2 में आगरा कैण्ट रेलवे स्टेशन से ट्रांस यमुना काॅलोनी फेस-2 वाया एम0जी0रोड में संजय पैलेस, दीवानी चैक, विजयनगर, कमलानगर, वाटरवक्र्स जंक्शन सहित लगभग 16 कि0मी0 में एलीवेटेड 13 स्टेशन तथा अण्डरग्राउण्ड 01 स्टेशन का निर्माण कराये जाने का प्रस्ताव किया गया है।
मुख्य सचिव ने बताया कि वाराणसी शहर में मेट्रो संचालन हेतु काॅरीडोर-1 के अंतर्गत बी0एच0यू0 से बी0एच0एल0 वाया गोडोवालिया, बिनिया पार्क, वाराणसी जंक्शन, नदेसर, कलेक्ट्रेट, भोजूबीर और शिवपुर सहित लगभग 19 कि0मी0 में एलीवेटेड 13 स्टेशन तथा अण्टरग्राउण्ड 04 स्टेशन होंगे। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार काॅरीडोर-2 के अन्तर्गत बेनिया पार्क से सारनाथ वाया कोतवाली, मछोधरी पार्क, काशी बस डिपो, जलालीपुर, आशापुर, हनुमान नगर, मवईया सहित लगभग 09 कि0मी0 में एलीवेटेड 04 स्टेशन तथा अण्डरग्राउण्ड 05 स्टेशन प्रस्तावित किये गये हैं।
श्री रंजन ने बताया कि मेरठ शहर में मेट्रो संचालन हेतु काॅरीडोर-1 में प्रतापपुर से पल्लवपपुरामलंग दिल्ली, रुड़की रोड वाया शताब्दी नगर, एच0आर0एस0 चैक, बेगमनपुल, गांधी बाग, सोफीपुर व पल्लवपुरम सहित लगभग 20 कि0मी0 में 9 एलीवेटेड स्टेशन और अण्डरग्राउण्ड 8 स्टेशन चिन्हित किये गये हैं। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार काॅरीडोर-2 में रज्जन बाजार से गोकलपुर गांव वाया बेगमुल, बच्चा पार्क, हापुड़ अड्डा, गढ़ बस स्टैण्ड व मेडिकल काॅलेज सहित गढ़ रोड लगभग 10 कि0मी0 में एलीवेटेड 11 स्टेशन चिन्हित किये गये हैं।
बैठक में सलाहकार वाह्य सहायतित परियोजना श्री मधुकर जेटली प्रमुख सचिव आवास श्री सदाकांत, मण्डलायुक्त वाराणसी श्री आर0एम0श्रीवास्तव, मण्डलायुक्त आगरा श्री प्रदीप भटनागर, मण्डलायुक्त कानपुर श्री मो0 इफ्तिखारुद्दीन एवं प्रबंध निदेशक मेट्रो श्री कुमार केशव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
——–
https://rashtriyadinmaan.com
