
नई दिल्ली। शीतलकालीन सत्र के दूसरे दिन की शुरुआत भी संसद के दोनों सदनों में हंगामेदार रही। जहां एक तरफ राज्यसभा में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया और पीएम को बुलाने की मांग की वहीं लोकसभा भी विपक्ष चुप नहीं रहा। हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्रवाई कुछ देर के लिए स्थगित करनी पड़ी।
वहीं दूसरी तरफ लोकसभा में भी विपक्ष नोटबंदी को लेकर चर्चा की मांग लिए हंगामा करती रही। सरकार ने वोटिंग नियम के तहत फिलहाल इस मुद्दे पर चर्चा से इन्कार कर दिया है जिसके बाद विपक्ष विरोध करने लगा। हंगामे के चलते लोकसभा को भी 12.30 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।
वैसे इसके बाद भी राज्यसभा के हालात नहीं सुधरे और लगातार स्थगन के बाद अंत में इसे शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
इससे पहले बुधवार को राज्यसभा में नोटबंदी मामले पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया और सरकार को घेरा। जहां कांग्रेस ने सरकार के इस फैसले को गरीबों का मजाक बताया वहीं अन्य दलों ने भी इसे वापस लेने की मांग कर दी।
हालांकि सरकार ने इस फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि इससे आम जनता को परेशानी जरूर है लेकिन उसने इसका स्वागत किया है।
सरकार ने कहा कि नोटबंदी के फैसले के बाद कालेधन वालों के बीच हड़कंप है और वो इसका विरोध कर रहे हैं। गुरुवार का दिन भी दोनों सदनों में हंगामेदार होने की आशंका है।
https://rashtriyadinmaan.com
