
प्रत्येक तीन माह में सड़क सुरक्षा कोष प्रबंधन समिति की बैठक
नियमित रूप से अवश्य आयोजित हो
लखनऊ: प्रदेश के मुख्य सचिव श्री राजीव कुमार ने निर्देश दिये हैं कि विद्यालयों में छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी दिलाने हेतु आगामी 15 से 20 जनवरी के मध्य निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाये। उन्होंने कहा कि कानपुर नगर एवं आगरा जनपद में इन्सपेक्शन एण्ड सर्टिफिकेशन सेण्टर की स्थापना कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता पर सुनिश्चित करायी जाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिये हैं कि प्रदेश के प्रमुख जनपदों में भूमि की उपलब्धता नहीं होने पर आटोमैटिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का निर्माण कराने हेतु स्टेडियम के चारो ओर सड़कों को विकसित करने की कार्यवाही प्राथमिकता पर सुनिश्चित करायी जाये।
मुख्य सचिव आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में सड़क सुरक्षा ‘कोष प्रबन्धन समिति’ की बैठक की अध्यक्षता कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की जानकारी आम नागरिकों को उपलब्ध कराने हेतु शुद्ध एवं सरल आम बोलचाल की भाषा में जिंगल बनवाकर प्रसारित करवाये जायें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तीन माह में सड़क सुरक्षा कोष प्रबंधन समिति की बैठक नियमित रूप से अवश्य आयोजित हो।
श्री राजीव कुमार ने कहा कि प्रदेश के लगभग 06 हजार चालकों को रिफ्रेशर कोर्स का प्रशिक्षण दिलाये जाने के फलस्वरूप अवशेष चालकों को भी यथाशीघ्र रिफ्रेशर कोर्स का प्रशिक्षण दिलाया जाये। उन्होंने कहा कि एफ0एफ0/रेडियो सिटी पर सड़क सुरक्षा सम्बन्धी नियमों का प्रसारण नियमित रूप से कराकर आम नागरिकों को जागरूक किया जाये।
उन्होंने कहा कि व्यावसायिक वाहन चालकों को सुरक्षित चालन का प्रशिक्षण भी दिलाये जाने हेतु आवश्यक कार्यवाहियां नियमानुसार प्राथमिकता पर सुनिश्चित करायी जायें। उन्होंने कहा कि राजकीय विद्यालयों के नामित नोडल शिक्षकों को भी सड़क सुरक्षा का प्रशिक्षण दिलाया जाये।
बैठक में प्रमुख सचिव गृह श्री अरविन्द कुमार, परिवहन आयुक्त श्री पी0 गुरू प्रसाद सहित सम्बन्धित विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
