वाराणसी में 21 से 23 जनवरी, 2019 तक प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन


Press (4)
  केन्द्रीय विदेश मंत्री एवं  मुख्यमंत्री  ने 15वें प्रवासी भारतीय दिवस की वेबसाइट को लाॅन्च किया
 
लखनऊ | केन्द्रीय विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ   ने आज नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू भवन में 15वें प्रवासी भारतीय दिवस की वेबसाइट को लाॅन्च किया। इस अवसर पर प्रमोशनल फिल्म की लाॅन्चिंग व प्रदर्शन किया गया। साथ ही, राज्य सरकार एवं विदेश मंत्रालय के मध्य सहमति पत्र (एम0ओ0यू0) पर हस्ताक्षर भी किए गए।
इस अवसर पर आयोजित संयुक्त प्रेस काॅन्फ्रेंस को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री  ने 15वें प्रवासी भारतीय दिवस के लिए काशी के चयन हेतु प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यह आयोजन प्रदेश की प्रतिभा को देश व दुनिया के सामने रखने का सुअवसर है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि अप्रवासी भारतीयों का योगदान महत्वपूर्ण है। प्रवासी भारतीय दिवस इसको आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने अपने माॅरीशस भ्रमण की चर्चा करते हुए कहा कि उन्हंे वहां प्रवासी भारतीय दिवस में भाग लेने का अवसर मिला। वहां के लोग विरासत को संजोकर रखे हुए हैं। माॅरीशस में अधिकांश पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं बिहार के लोग हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रवासी भारतीयों के लिये बेहतरीन व्यवस्थाएं की जाएंगी।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि काशी के प्रत्येक वासी की इच्छा है कि प्रवासी भारतीय उनके यहां रुकंे। प्रवासी भारतीयों के रहने के लिए वाराणसी व सारनाथ में होटलों के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं से युक्त टेण्ट सिटी बनायी जाएगी। साथ ही, विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में उनकी रचनाओं का काव्यपाठ, महात्मा गांधी जी के 150वीं जयन्ती पर गांधी ग्राम की परिकल्पना करते हुए विभिन्न आयोजन तथा ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ पर आधारित प्रदर्शनी भी लगायी जाएगी।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि उत्तर प्रदेश, प्रवासी भारतीय दिवस के आयोजन के लिये पूरी तरह से तैयार है। इसके आयोजन के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां आरम्भ कर दी गई हैं। उन्हांेंने कहा कि 21 जनवरी, 2019 को युवा प्रवासी दिवस का आयोजन होगा। 22 जनवरी, 2019 को प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रवासी भारतीय दिवस का उद्घाटन किया जाएगा तथा 23 जनवरी को राष्ट्रपति जी द्वारा कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। 24 जनवरी, 2019 को प्रवासी भारतीयों को प्रयागराज कुम्भ का भ्रमण कराया जाएगा तथा उन्हें रामायण काल से जुडे़ स्थलों-श्रंृगवेरपुर, संगम, भारद्वाज आश्रम सहित किले के अंदर स्थित सरस्वती कूप, अक्षयवट का दर्शन करने का अवसर प्राप्त होगा।
 केन्द्रीय विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 9 जनवरी को प्रवासी भारतीय दिवस मनाया जाता है। इस बार प्रवासी भारतीय दिवस के अवसर पर कुम्भ मेला, गणतंत्र दिवस परेड देखने की प्रवासी भारतीयों की इच्छा व सुझावों के दृष्टिगत 21 से 23 जनवरी, 2019 तक वाराणसी में कराने का निर्णय लिया गया है। 9 जनवरी को भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें सभी दूतावासों को जोड़ा जाएगा।
केन्द्रीय विदेश मंत्री ने कहा कि 21 जनवरी, 2019 को युवा प्रवासी भारतीय दिवस मनाया जाएगा, जिसमें 18 से 35 आयु वर्ग के लोग प्रतिभाग करेंगे। इसमें नार्वे के एम0पी0 श्री हिमांशु गुलाटी मुख्य अतिथि तथा न्यूजीलैण्ड के सांसद चरनजीत सिंह बख्शी विशिष्ट अतिथि होंगे। 22 जनवरी को प्रवासी भारतीय दिवस के उद्घाटन अवसर पर माॅरीशस के प्रधानमंत्री मुख्य अतिथि होंगे। 23 जनवरी को राष्ट्रपति जी द्वारा प्रवासी भारतीय दिवस का समापन किया जाएगा, जिसमंे 30 प्रवासी भारतीयों को सम्मानित किया जाएगा। 24 जनवरी को प्रवासी भारतीयों को प्रयागराज का भ्रमण कराया जाएगा। इसके तहत वे कुम्भ मेला दर्शन भी करेंगे, जिसे यूनेस्को द्वारा ‘मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत’ की विश्व धरोहर के रूप में घोषित किया गया है। 25 जनवरी को दिल्ली भ्रमण होगा तथा 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की परेड दिखायी जाएगी।
केन्द्रीय विदेश मंत्री ने प्रवासी भारतीय दिवस के आयोजन में मुख्यमंत्री  के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इसमें राज्य सरकार का पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि प्रवासी भारतीय दिवस की वेबसाइट के लोकार्पण के साथ ही पंजीकरण आरम्भ हो गया है, जो कि 15 नवम्बर, 2018 तक चलेगा। उन्होंने इस आयोजन में प्रवासी भारतीयों से बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग करने की अपील की।
कार्यक्रम को केन्द्रीय विदेश राज्यमंत्री श्री वी0के0 सिंह ने भी सम्बोधित किया। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलन से किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की एन0आर0आई0 राज्यमंत्री श्रीमती स्वाती सिंह, अपर सचिव विदेश मंत्रालय भारत सरकार श्री मनप्रीत वोहरा, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं पर्यटन अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव श्री राजेश कुमार सिंह सहित भारत सरकार एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

Scroll To Top
Translate »