रोहन दुआ, चंडीगढ़
सरहद पार से आए सफेद रंग के उस कबूतर की वजह से पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियों में घबराहट की स्थिति बन गई थी। हालांकि गुरुवार को उस कबूतर को पकड़ लिया गया।
इस घटना के दो दिन पहले ही इंटेलिजंस एजेंसियों ने पंजाब पुलिस को जम्मू और पठानकोट के इलाके में इंडियन मुजाहिदीन की सक्रियता को लेकर अलर्ट जारी किया था। वास्तव में इस ‘घुसपैठिये’ के शरीर पर तार जैसी कोई चीज थी।
कबूतर से उर्दू में लिखा एक संदेश मिला और साथ में कुछ नंबर मिले जो पाकिस्तान के नारोवाल जिले के लैंडलाइन नंबर लग रहे थे। पाकिस्तान सीमा से लगे मनवाल गांव के रमेश चंद्र के घर पर यह कबूतर शाम के साढ़े छह बजे के करीब रुका।
रमेश के 14 साल के बेटे को कबूतर पर उर्दू में लिखी इबारतों की वजह से संदेह हुआ। और वह उस ‘जासूस कबूतर’ को लेकर नजदीकी थाने रात नौ बजे के आस-पास पहुंच गया। पुलिस उस कबूतर को जानवरों के अस्पताल ले गई जहां उसका एक्सरे किया गया। हालांकि इससे कोई सुराग नहीं मिल पाया।
https://rashtriyadinmaan.com

