पेरिस हमलाः कटी उंगली से हुई कॉन्सर्ट हॉल में खुद को उड़ाने वाले आतंकी की पहचान


 

2015_11image_12_25_456169092parisattack-llपेरिस: फ्रांस की राजधानी पेरिस में शुक्रवार को हुए हमलों में फ्रांसीसी पुलिस ने बाटाक्लां कॉन्सर्ट हॉल में खुद को विस्फोटक से उड़ा लेने वाले बंदूकधारियों में से एक व्यक्ति की पहचान पेरिस निवासी उमर इस्माइल मुस्तेफई (29) के रूप में की है। बाटाक्लां कॉन्सर्ट हॉल में सबसे ज्यादा जनसंहार हुआ था, यहां 89 लोग मारे गए थे। उमर के पिता और 34 वर्षीय भाई को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और जांच से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि जांचकर्त्ता अब हत्यारे के अन्य दोस्तों और रिश्तेदारों के घर तलाश रहे हैं।

उमर की पहचान की पुष्टि उसकी कटकर अलग हुई उंगली के निशान के जरिए हुई। उमर चरमपंथी इस्लाम के करीब था लेकिन कभी भी उसका संबंध आतंकवाद से नहीं जोड़ा गया था। पुलिस ने कहा कि हमलावर प्रथम दृष्टया अनुभवी और अच्छी तरह प्रशिक्षित जान पड़ते हैं।

पुलिस ने कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि क्या ये लोग कभी सीरिया में जाकर लड़े थे। सीरिया और पड़ोसी इराक के एक क्षेत्र में आईएस ने खलीफा का शासन घोषित कर रखा है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने कहा कि पेरिस के हमले की तैयारी, व्यवस्था और योजना विदेशों में हुई और इसके लिए फ्रांस के भीतर से मदद मिल रही थी।
पेरिस में अभूतपूर्व वीभत्स हमलों को अंजाम देने वाले बंदूकधारियों के तीन दलों में शामिल पहले हमलावर की फ्रांसीसी पुलिस ने पहचान कर ली है। इन हमलों में 129 लोग मारे गए और सैंकड़ों लोग घायल हुए। फ्रांस की धरती पर पहली बार आत्मघाती बम हमलों को अंजाम देने वाले सात हमलावरों में से छह ने खुद को विस्फोटकों से उड़ा लिया और एक को पुलिस ने गोली मार दी। सुरक्षा एजेंसियों के पास इनसे जुड़ी जानकारी नहीं थी।


Scroll To Top
Translate »