
लखनऊ। लोकतन्त्र सेनानी और विधान परिषद सदस्य श्री यशवंत सिंह ने कहा है कि महाराणा प्रताप का नाम देशभक्ति, ओज, सम्मान और स्वाभिमान का पर्याय है। समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण के लिए उनके दिखाए रास्ते पर चलकर जीवन के सभी क्षेत्रों से विदेशी प्रभुत्व की समाप्ति ही राणा प्रताप को सच्ची श्रद्धांजलि है।
महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर लोकतन्त्र सेनानी व विधान परिषद सदस्य श्री यशवंत सिंह ने हुसैनगंज चौराहे पर स्थित महाराणा प्रताप की मूर्ति पर श्रद्धासुमन अर्पितकर विधान परिषद सदस्य के रूप में अपनी चौथी पारी की शुरुआत की और कहा कि महाराणा प्रताप इस देश के मान, सम्मान, स्वाभिमान और ओज के अद्वितीय महानायक हैं। उनका नाम लेने से ही मन में ओज का बोध होता है। वह ताउम्र विदेशी आक्रांताओं और उन्हें श्रेष्ठ मानने वाले उनके समर्थकों से लड़ते रहे। आज देश आजाद है लेकिन यह आज़ादी तभी पूर्ण मानी जायेगी जब जीवन के सभी क्षेत्रों से विदेशी प्रभुत्व समाप्त हो जाए।
इस विदेशी प्रभुत्व की समाप्ति ही महाराणा प्रताप को सच्ची श्रद्धांजलि है।
श्री यशवंत सिंह ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ इस विदेशी प्रभुत्व को जड़ से नष्ट करने में लगे हैं। इस अभियान को सफल बनाने में हम सभी लोगों को प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी का साथ देना चाहिए।
इस अवसर पर महाराणा प्रताप की मूर्ति पर श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में सर्वश्री रामहृदय राम, रामदुलार राम, अभिमन्यु सिंह, सुजीत कुमार कक्कू, राहुल सिंह, पप्पू पाल, चंचल चौबे, अतुल चौबे और विक्की विश्वकर्मा आदि प्रमुख रहे।
https://rashtriyadinmaan.com
