लखनऊ।उत्तर प्रदेश कांग्रेस कल अपनी 11 सूत्री चार्टर को लेकर विधानभवन का घेराव करेगी। इस घेराव का नेतृत्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव-प्रभारी उ0प्र0 श्री मधुसूदन मिस्त्री, सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डाॅ0 निर्मल खत्री पूर्व सांसद करेंगे। इस घेराव में पार्टी के राज्यसभा सांसदगण श्रीमती मोहसिना किदवई, श्री प्रमोद तिवारी, डाॅ0 संजय सिंह एवं श्री पी0एल0 पुनिया शामिल रहेंगे। इसके साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री श्रीप्रकाश जायसवाल, श्री प्रदीप जैन आदित्य आदि अन्य दूसरे वरिष्ठ नेतागण भी सम्मिलित होंगे।उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री सत्यदेव त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश के सभी कांग्रेसजन पूर्वान्ह 11 बजे लक्ष्मण मेला मैदान में एकत्रित होंगे, जिसमें नेताओं के भाषण के बाद सभी कांग्रेसजन विधानभवन की ओर कूच करेंगे।
श्री त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था और यादव सिंह के मामले में भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने के प्रयत्न सहित प्रदेश में महिलाओं तथा दलितों के साथ बढ़ रहे अत्याचार एवं आपराधिक घटनाएं, कुछ अधिकारियों के भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने के लिए सर्वोच्च न्यायालय में जन-धन का दुरूपयोग, बिजली के दामों में भारी बढ़ोत्तरी, बिजली की भीषण कटौती, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साम्प्रदायिक तनाव पर सरकार द्वारा लापरवाही बरतना, सरकारी नौकरियों में हो रही भर्तियों में घोटाले, सरकारी भर्ती में अल्पसंख्यकों को मात्र तीन प्रतिशत प्रतिनिधित्व, बुनकर भुखमरी के कगार पर, मदरसों की खस्ताहालत पढ़ाई ठप, दलित छात्रों की छात्रवृत्ति बन्द करना, किसानों के गन्ना मूल्य के बकाये का भुगतान न होना, चीनी मिल मजदूरों को वेतन न दिया जाना, चीनी मिलों को औने-पौने दामों पर बेचा जाना, किसानों की उपज धान, गेहूॅं को खरीद केन्द्रों पर उचित मूल्य पर न खरीदा जाना, खरीद केन्द्र बन्द होना, किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक न उपलब्ध करा पाना, गोरखपुर में निषाद समूह पर गोलाबारी होना, प्रदेश में मजदूरों को न्यूनतम वेतन का न मिलना, सभी सरकारी मिलों का बन्द होना आदि मुद्दे शामिल हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
