प्रधानमंत्री ने आयोजन स्थल पर हरीशंकरी (पीपल, बरगद तथा पाकड़) के पौधे रोपे, बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के मॉड्यूल, सैण्ड कलाकारों द्वारा बनायी गयी कलाकृतियों तथा उ0प्र0 की विकास यात्रा सम्बन्धी प्रदर्शनी का अवलोकन किया

लखनऊ | प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज जनपद जालौन की तहसील उरई स्थित ग्राम कैथेरी में 14,800 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 296 किलोमीटर लम्बाई के बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चितेरी शैली का बुन्देली गमछा एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया।
ज्ञातव्य है कि बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे बुन्देलखण्ड क्षेत्र के 07 जनपदों-चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, औरैया, इटावा से होकर गुजरेगा। 296 किलोमीटर लम्बाई का यह एक्सप्रेस-वे चित्रकूट के भरतकूप से शुरू होकर जनपद इटावा के कुदरौल के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से मिलेगा। यहीं से यह एक्सप्रेस-वे देश की राजधानी नई दिल्ली से भी जुड़ेगा।
प्रधानमंत्री ने मंच पर आने से पूर्व, आयोजन स्थल पर हरीशंकरी (पीपल, बरगद तथा पाकड़) के पौधे रोपे। उन्होंने बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के मॉड्यूल, सैण्ड कलाकारों द्वारा बनायी गयी कलाकृतियों तथा उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा सम्बन्धी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
प्रधानमंत्री ने लोकार्पण समारोह में अपना सम्बोधन बुन्देली भाषा में प्रारम्भ किया। आधुनिक बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण के लिए उत्तर प्रदेश व बुन्देलखण्ड के लोगों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे बुन्देलखण्ड की गौरवशाली परम्परा को समर्पित है। बुन्देलखण्ड के बेटे-बेटियों के पराक्रम और परिश्रम ने हमेशा देश का नाम रोशन किया है। उत्तर प्रदेश का जनप्रतिनिधि होने के नाते बुन्देलखण्ड की धरती को आज एक्सप्रेस-वे का यह उपहार देते हुए उन्हें विशेष खुशी मिल रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आशीर्वाद से वे 08 साल से देश के प्रधानसेवक का जिम्मा निभा रहे हैं। उन्होंने हमेशा देखा है कि उत्तर प्रदेश की दो कमियां पूरी कर दी जाये, तो उत्तर प्रदेश चुनौतियों को चुनौती देने की ताकत देने के साथ खड़ा हो जायेगा। यह कमियां पहले की सरकारों के समय की खराब कानून-व्यवस्था तथा खराब कनेक्टिविटी की हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश के लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। मुख्यमंत्री की सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था सुधरी है और कनेक्टिविटी सुधर रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सात दशकों में उत्तर प्रदेश में यातायात के आधुनिक साधनों के लिए हुए काम से ज्यादा काम वर्तमान में हो रहा है। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण से चित्रकूट से दिल्ली की दूरी 03 से 04 घण्टे कम हुई है। इसका लाभ, इससे ज्यादा होगा। यह पूरे बुन्देलखण्ड क्षेत्र के वाहनों को गति देने के साथ ही, औद्योगिक प्रगति को भी गति देने वाला है। एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ उद्योग स्थापित किये जायेंगे। भण्डारण, कोल्ड स्टोरेज की सुविधाएं बनेंगी। कृषि आधारित उद्योग लगाना आसान होगा। कृषि उपज को नये बाजारों में पहुंचाना आसान होगा। डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर को भी इस एक्सप्रेस-वे से मदद मिलेगी। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे, बुन्देलखण्ड क्षेत्र के कोने-कोने को विकास, स्वरोजगार और नये अवसरों से जोड़ने वाला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय में माना जाता था कि यातायात के आधुनिक साधनों पर पहला अधिकार मुम्बई, चेन्नई, कोलकाता, बंगलुरु, दिल्ली जैसे बड़े-बड़े शहरों का है। सरकार बदली-मिजाज बदला, अब पुरानी सोच को छोड़कर हम नये तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी में जो काम शुरू हुए, उसमें बड़े शहरों के साथ छोटे शहरों को भी उतनी ही प्राथमिकता दी गई। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, जालौन, औरैया और इटावा से होकर गुजर रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, लखनऊ के साथ ही बाराबंकी, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर से गुजर रहा है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे अम्बेडकरनगर, संतकबीरनगर और आजमगढ़ को जोड़ता है। गंगा एक्सप्रेस-वे मेरठ, हापुड़, बुलन्दशहर, अमरोहा, सम्भल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज को जोड़ने का काम करेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का हर कोना नये सपनों, नये संकल्पों के साथ दौड़ने को तैयार है। यही ‘सबका साथ, सबका विकास’ है। न कोई पीछे छूटे, सब मिलकर आगे बढ़ें, डबल इंजन की सरकार इसी ओर कार्य कर रही है। उत्तर प्रदेश के छोटे-छोटे जिले हवाई सेवा से जुड़ें, इसके लिए भी तेजी से काम किया जा रहा है। बीते कुछ समय में प्रयागराज, गाजियाबाद में नए एयरपोर्ट टर्मिनल बनाए गए, कुशीनगर में नए एयरपोर्ट के साथ ही नोएडा के जेवर में एक और इण्टरनेशनल एयरपोर्ट पर काम चल रहा है। भविष्य में उत्तर प्रदेश के कई और शहरों को भी हवाई रूट से जोड़ने की कोशिश हो रही है। ऐसी सुविधाओं से पर्यटन उद्योग को भी बहुत बल मिलता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केवल हाई-वे या एयर-वे ही नहीं, शिक्षा, मैन्युफैक्चरिंग, खेती-किसानी सहित उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। पहले की सरकार के समय में उत्तर प्रदेश में हर साल औसतन 50 किलोमीटर रेल लाइन का दोहरीकरण होता था। आज औसतन 200 किलोमीटर रेल लाइन के दोहरीकरण का कार्य हो रहा है। वर्ष 2014 से पूर्व उत्तर प्रदेश में सिर्फ 11,000 कॉमन सर्विस सेण्टर कार्य कर रहे थे। आज 01 लाख 30 हजार से अधिक कॉमन सर्विस सेण्टर कार्य कर रहे हैं। एक समय मंे उत्तर प्रदेश में 12 मेडिकल कॉलेज थे। आज 35 से ज्यादा मेडिकल कॉलेज हैं। 14 नये मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश विकास की जिस धारा पर चल रहा है। उसके दो पहलू इरादा और मर्यादा हैं। हम देश के वर्तमान के लिए ही नयी सुविधाएं ही नहीं गढ़ रहे, बल्कि देश का भविष्य भी गढ़ रहे हैं। पी0एम0 गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान के जरिए हम 21वीं सदी के इन्फ्रास्ट्रक्चर के निर्माण में जुटे हैं। विकास के लिए हमारा सेवा भाव ऐसा है कि हम समय की मर्यादा को टूटने नहीं देते। हमारे समय की मर्यादा पालन के अनगिनत उदाहरण उत्तर प्रदेश में हैं। श्री काशी विश्वनाथ धाम के सुन्दरीकरण का कार्य हमारी सरकार ने शुरु किया और हमारी सरकार ने पूरा करके दिखाया। गोरखपुर एम्स, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे का कार्य भी हमारी सरकार ने प्रारम्भ किया और पूरा भी किया। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे का कार्य अगले वर्ष फरवरी में पूरा होना था, जिसे 07-08 महीने पहले ही तैयार कर लिया गया है। ऐसे कार्य से हर देशवासी को एहसास होता है कि उसके वोट का सदुपयोग हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे जनपद-चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, औरैया होते हुए इटावा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से जुड़ रहा है। इससे बुन्देलखण्ड क्षेत्र की कनेक्टिविटी आसान होगी। साथ ही, चित्रकूट से दिल्ली की दूरी छः-साढ़े छः घण्टे में तय की जा सकेगी। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे, बुन्देलखण्ड क्षेत्र के नौजवानों की पलायन की समस्या के समाधान के साथ ही, प्रधानमंत्री जी द्वारा डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत उपलब्ध कराये गये झांसी व चित्रकूट नोड को आगे बढ़ाने में भी सहायक होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा माह फरवरी, 2020 में जनपद चित्रकूट में बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे की अधारशिला रखी गयी थी। इसके बाद से ही पूरा विश्व कोरोना महामारी की चुनौती का सामना कर रहा है। इसके बावजूद विगत 28 माह में 04-लेन (06-लेन विस्तारणीय) बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण किया जाना महत्वपूर्ण है। आज पूरा बुन्देलखण्ड क्षेत्र गर्व और गरिमा महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद से ही देश और प्रदेश को विकास एवं ईज़ ऑफ लिविंग की सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री जी ने देश और प्रदेशवासियों के जीवन में परिवर्तन लाने के लिए देश को जो दिशा दी है, उत्तर प्रदेश उसे अंगीकार कर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए औद्योगिक विकास मंत्री श्री नन्दगोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने कहा कि हम सभी का सौभाग्य है कि हम उस कालखण्ड के साक्षी हैं, जब भारत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के हाथ में सुरक्षित है। भारत को विश्व गुरु के रूप में देखने वाला हर भारतीय, उन्हें भाग्यविधाता के रूप में देखता है। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने के संकल्प के साथ प्रदेशवासियों की सेवा, सुरक्षा व सुशासन के लिए कार्य कर रहे हैं। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे निर्धारित समय-सीमा से 08 महीने पहले पूर्ण कर लिया गया। इससे 1,132 करोड़ रुपये की बचत हुई है। प्रधानमंत्री द्वारा इस एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण के बाद भारत के कुल एक्सप्रेस-वे की लम्बाई का 37.7 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में हो जाएगा।
इस अवसर पर केन्द्रीय एम0एस0एम0ई0 राज्य मंत्री श्री भानु प्रताप सिंह वर्मा, उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य, श्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश के जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्रदेव सिंह, औद्योगिक विकास राज्य मंत्री श्री जसवन्त सिंह सैनी, जल शक्ति राज्य मंत्री श्री रामकेश निषाद, श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री श्री मनोहर लाल मन्नू कोरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा जनसमुदाय उपस्थित था।
——-
https://rashtriyadinmaan.com
