पीएम मोदी ने किया गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास, बोले- यह एक्सप्रेस वे किसानों और नौजवानों के लिए वरदान साबित होगा


आज यूपी की जनता कह रही है- यूपी + योगी, बहुत है उपयोगी। मुख्यमंत्री अब माफिया के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलवा रहे हैं




Lucknow | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया। यह एक्सप्रेस वे 594 किलोमीटर लंबा और छह लेन का होगा जिसे 36,200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित किया जाएगा। शाहजहांपुर रोजा रेलवे ग्राउंड पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह एक्सप्रेस वे किसानों और नौजवानों के लिए वरदान साबित होगा। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले शाम होते ही सड़कों पर कट्टे लहराए जाते थे। मुख्यमंत्री अब माफिया के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलवा रहे हैं।

पहले व्यापारी, कारोबारी घर से सुबह निकलता था तो परिवार को चिंता होती थी, गरीब परिवार दूसरे राज्य काम करने जाते थे तो घर और जमीन पर अवैध कब्जे की चिंता होती थी। कब कहां दंगा हो जाएं, कोई नहीं कह सकता था। बीते साढ़े 4 साल में योगी जी की सरकार ने स्थिति को सुधारने के लिए बहुत परिश्रम किया है। इसीलिए आज यूपी की जनता कह रही है- यूपी + योगी, बहुत है उपयोगी।


पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दल ऐसे हैं जिन्हें देश की विरासत और विकास दोनों से दिक्कत है। इन लोगों को बाबा विश्वनाथ का धाम बनने से, राम मंदिर से, गंगा जी की सफाई से दिक्कत है। यही लोग सेना की कार्रवाई पर सवाल उठाते हैं, भारतीय वैज्ञानिकों की कोरोना वैक्सीन पर सवाल उठाते हैं। सरकार जब सही नीयत के साथ काम करती है तो क्या परिणाम आते हैं ये यूपी ने बीते कुछ सालों में अनुभव किया है।


प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे यूपी के विकास को गति और शक्ति दोनों देगा। इससे एयरपोर्ट, मेट्रो, वाटरवेज, डिफेंस कॉरिडोर भी जोड़ा जाएगा। इसे फायबर ऑप्टिक केबल, बिजली तार बिछाने में आदि में भी इस्तेमाल किया जाएगा। भविष्य में पश्चिमी यूपी के कार्गो कंटेनर वाराणसी के ड्राईपोर्ट के माध्यम से सीधे हल्दिया भेजे जाएंगे। यह एक्सप्रेसवे समाज के हर तबके को फायदा देगा। जब पूरा यूपी एक साथ बढ़ता है तभी तो देश आगे बढ़ता है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ हम यूपी के विकास के प्रयास में जुटे हैं। अब यूपी में भेदभाव नहीं सबका भला होता है। पांच साल पहले राज्य के कुछ इलाकों को छोड़कर बिजली ढूंढे नहीं मिलती थी। डबल इंजन की सरकार ने पहले के मुकाबले ज्यादा बिजली दी है।


पीएम ने कहा कि जब समय बचता है सुविधा बचती है संसाधनों का सही इस्तेमाल बचता है तो सामर्थ्य बढ़ता है और फिर समृद्धि अपने आप आती है। आज डबल इंजन की सरकार में यूपी का बढ़ता सामर्थ्य हम सभी देख रहे हैं। एक्सप्रेसवे से लेकर एयपोर्ट्स तक सभी प्रोजेक्ट जनसेवा के लिए समर्पित हो चुके हैं।


पीएम ने आगे कहा कि पहले यहां रात में इमरजेंसी की जरूरत होती थी तो हरदोई शाहजहांपुर के लोगों को लखनऊ कानपुर दिल्ली भागना पड़ता था। यहां अस्पताल भी नहीं थे और सड़कें भी नहीं थीं। लेकिन अब यहां मेडिकल कॉलेज भी हैं, सड़कें भी हैं। ऐसे ही होता है दमदार काम, ईमानदार काम। जो भी समाज में पीछे हैं पिछड़ा हुआ है उसे सशक्त करना विकास का लाभ उस तक पहुंचाना हमारे सरकार की प्राथमिकता है। यही भावना हमारी किसानों से जुड़ी नीति में भी दिखती है। बीज से बाजार तक की जो नीति हमने बनाई है वो छोटे किसानों को देखकर बनाई है। पीएम सम्मान निधि के तहत जो पैसे सीधे अकाउंट में पहुंचे हैं उसका सीधा लाभ छोटे किसानों को हुआ है।

उन्हें हम किसान क्रेडिट कार्ड सुविधा से जोड़ रहे हैं। हमारी मकसद सिंचाई के रकबे में विस्तार करना और टेक्नोलॉजी में वृद्धि करने से है। हमारा प्रयास गांव के पास ही ऐसा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने का है जिससे जल्दी खराब होने वाली सब्जियों की खेती ज्यादा हो और जल्द उनकी फसल बाजार में पहुंच जाए। इससे फूड प्रोसेसिंग यूनिट को फायदा होगा और गांव में ही बाजार मिलेगा।


Scroll To Top
Translate »