
पीएम मोदी ने कहा कि 2018 बहुत ही सफल वर्ष रहा है। चुनाव देश की अनेक पहलुओं में से एक छोटा सा पहलू है। आज हिन्दुस्तान में गरीब व्यक्ति को पांच लाख तक इलाज की सुविधा देने वाली आयुष्मान भारत योजना को अभी तो 100 दिन भी नहीं हुए और सात आठ लाख लोगों ने सुविधा ली है।
नोटबंदी पर पीएम मोदी ने कहा कि यह झटका नहीं था। हमने लोगों को एक साल पहले ही आगाह किया था कि अगर आपके पास काला धन है, आप उसे जमा करा दें और जुर्माना भर दें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरबीआई के पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल के इस्तीफे को लेकर कहा कि उन्होंने खुद निजी कारणों से इसकी मांग की थी। मैं पहली बार बता रहा हूं। वे इस्तीफा देने के छह-सात महीने पहले से इस बारे में बता रहे थे। यहां तक कि उन्होंने लिखित में भी दिया था। राजनैतिक दबाव को लेकर कोई सवाल ही नहीं उठता है। उन्होंने बतौर आरबीआई गर्वनर अच्छा काम किया।
पीएम मोदी ने कहा कि तेलंगाना और मिजोरम में बीजेपी सत्ता में आएगी ऐसी बात ना कोई सोचता था और ना कोई कहता था और ना बीेजेपी कहती थी। जिन तीन राज्यों में बीजेपी हारी उसको लेकर पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में साफ-साफ नतीजा आया जिसमें भारतीय जनता पार्टी की पराजय हुई। लेकिन दो राज्यों में हंग एसेंबली बनी है।
उन्होंने आगे कहा कि दूसरी बात है कि 15 साल की सत्ता विरोधी लहर को लेकर हमारे लोग मैदान में थे। स्वाभाविक है जो कुछ भी हमारी कमी हुई है उसकी हम चर्चा भी कर रहे हैं और योजना भी कर रहे हैं। उसके साथ-साथ हरियाणा में स्थानीय चुनाव में जीत गए। त्रिपुरा के अंदर 90 से 95 फीसदी सीटों पर जीत हासिल हुई। जम्मू कश्मीर में 74 पोलिंग हुई और बीजेपी व उससे जुड़े लोगों की जीत हुई। जीत और हार ही एक मापदंड नहीं होता है।
सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भी पाकिस्तान की ओर से सीमा पर हो रही गोलीबारी को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि एक लड़ाई से पाकिस्तान सुधर जाएगा, यह सोचना बहुत बड़ी गलती होगी। पाकिस्तान को सुधारने में अभी और समय लगेगा।
https://rashtriyadinmaan.com
