कुशीनगर में पीएम मोदी का ऐलान-देश में सी-प्‍लेन सेवा और 200 हवाई अड्डों का बनेगा नेटवर्क


कुशीनगर | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को पूर्वांचल को दूसरे इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सौगात दी। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि उड़ान योजना के तहत देश में हवाई सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उड़ान योजना को चार साल पूरे हो गए हैं। इस दौरान हवाई सेवा के लिए 900 से अधिक रूट को स्वीकृत हुए और 350 से अधिक रूट पर सेवा भी शुरू हो चुकी है। वर्तमान में देश में 50 एयरपोर्ट चालू हो चुके हैं। आने वाले दिनों में देश में सी-प्लेन सेवा और 200 हवाई अड्डों का नेटवर्क तैयार होगा। यूपी में कुशीनगर को लेकर 9 हवाई अड्डों से सेवाएं शुरू हो गई हैं।

बुधवार को कुशीनगर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए आए पीएम मोदी ने कहा कि भारत विश्व भर में फैले बौद्ध अनुयायियों की आस्था का केन्द्र है। यह एयरपोर्ट उनकी श्रद्धा को पुष्पांजलि है। यह क्षेत्र सीधे दुनिया से जुड़ गया है। श्रीलंका एयरलाइंस का उतरना इस धरती को नमन करने जैसा है। श्रीलंका से आए लोगों का कुशीनगर गर्व के साथ स्वागत कर रहा है।

पीएम ने कहा कि आज महर्षि बाल्मिकी की जयंती है। देश सबका साथ लेकर सबसे प्रयास से सबका विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि कुशीनगर का एयरपोर्ट आशाओं और अपेक्षाओं का परिणाम है। इसकी आज खुशी दोहरी है। संतोष का भाव है। पूर्वांचल के प्रतिनिधि के चलते कमिटमेंट पूरा होने की घड़ी है।


Scroll To Top
Translate »