सत्ता के नशे में चूर दिखे बेअंदाज सपाई


लखनऊ। सत्ता के नशे में चूर सपा नेताओं की दबंगई नहीं रुक रही है। मुरादाबाद में जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन राजेश यादव ने मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता को महज इसलिए पीट दिया कि उसने नेताजी को नमस्ते नहीं की। नेताजी के साथियों ने भी जेई की जमकर धुनाई की। उधर कुशीनगर में जिला पंचायत की बैठक में एक सदस्य के प्रतिनिधि/ पति ने अपर मुख्य अधिकारी को थप्पड़ जड़ दिया। अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। सदन की गरिमा को तार-तार करते हुए नास्ते में आई प्लेंटे भी फेंकी गई। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया है।
मुरादाबाद में अवर अभियंताओं को बचाने आए उनके बच्चों को भी दबंगों ने धमकाकर दूर भगा दिया। इस घटना के विरोध में एमडीए के अधिकारी व कर्मचारी काम बंद कर हड़ताल पर चले गए हैं। कांठ रोड पर एमडीए कालोनी में प्राधिकरण का ही जिम है। अवर अभियंता एसके गुप्ता शाम को जिम में मौजूद थे, कालोनी के बच्चे भी जिम में कसरत कर रहे थे। तभी पड़ोस में ही रहने वाले जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन राजेश यादव अपने चार-पांच साथियों के साथ वहां पहुंचे और अवर अभियंता के नमस्ते न करने पर बिगड़ पड़े। बात बढ़ने पर उन्होंने एसके गुप्ता को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। यादव के साथ साथी भी अवर अभियंता पर टूट पड़े। मारपीट देख जिम में मौजूद कालोनी के बच्चों ने उन्हें बचाना चाहा, लेकिन राजेश यादव व साथियों ने बच्चों को धमकाकर भगा दिया। सत्ताधारी नेता होने की वजह से अवर अभियंता रात में घर चले गए। सुबह एमडीए आफिस में उन्होंने साथियों को आपबीती सुनाई। इससे अधिकारियों व कर्मचारियों में आक्रोश छा गया। उन्होंने आपात बैठक बुलाकर मुरादाबाद विकास प्राधिकरण अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा का गठन किया। बैठक में ही सर्वसम्मति से कर्मियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने तक हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया।
पढ़ें: टोल प्लाजा पर सपाइयों का हंगामा, फायरिंग
अवर अभियंता एसके गुप्ता ने बताया कि मैं गुरुवार शाम जिम में गया था। वहां राजेश यादव आए, नमस्ते नहीं करने पर उन्होंने और उनके साथियों ने पीटना शुरू कर दिया। वह पहले भी कर्मचारियों को धमकाते रहे हैं।
चेयरमैन डीसीबी राजेश यादव ने कहा कि न तो वो एमडीए के जिम में न गए और ना ही मारपीट जैसी कोई बात हुई है। इंजीनियर लंबे अरसे से यहां तैनात हैं, अब ट्रांसफर पर जाने से रुकने के लिए नाटक रच रहे हैं। एमडीए के सभी इंजीनियर भ्रष्ट हैं।


Scroll To Top
Translate »