प्रदेश के अप्रवासी भारतीयों एवं उनकी मातृभूति के बीच सेतु बनेगा यह ’एन0आर0आई0 दिवस’: मुख्यमंत्री


index
उद्घाटन सत्र में यू0ए0ई0 के अप्रवासी भारतीय यूसुफ अली द्वारा 
लखनऊ में एक हजार करोड़ रु0 निवेश करने की सहमति
आगरा/लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज ऐतिहासिक ताजनगरी आगरा के होटल आई0टी0सी0 मुगल में आयोजित ‘प्रथम उत्तर प्रदेश प्रवासी दिवस‘ समारोह का उद्घाटन करते हुये कहा कि विश्व के विभिन्न देशों में निवास कर रहे उत्तर प्रदेश मूल के अप्रवासी भारतीयों से एक विशिष्ट फोरम के माध्यम से सार्थक सम्बन्ध बनाने तथा प्रवासी भारतीयों से निरंतरता की प्रक्रिया के उद्देश्य से प्रदेश की समाजवादी सरकार ने आगरा में प्रथम उत्तर प्रदेश प्रवासी भारतीय दिवस का ऐतिहासिक आयोजन कर एक अभिनव पहल की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अप्रवासी भारतीयों तथा उनकी मातृभूमि के मध्य सम्बन्धों को और प्रगाढ़ करने के लिये प्रतिबद्ध है जिससे प्रदेश के विकास में भावनात्मक रूप से उनकी सहभागिता को आकर्षित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी वर्षों में भी राज्य सरकार उ0प्र0 प्रवासी दिवस का नियमित रूप से आयोजन करती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विश्व पटल पर प्रदेश के अप्रवासी भारतीयों द्वारा उत्कृष्ट योगदान करते हुये अपने लिए विशिष्ट स्थान बनाकर देश व प्रदेश के गौरव को बढ़ाने के कार्य की सराहना करती है। उन्होंने एन0आर0आई0 डेलीगेट्स को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार आपकी सफलता का अभिनन्दन करती है तथा उत्तर प्रदेश की प्रगति यात्रा में भाग लेने तथा सकारात्मक सहयोग देने हेतु आमंत्रित करती है। अप्रवासी भारतीयों की समस्याओं के निदान हेतु प्रदेश सरकार द्वारा गठित एन0आर0आई0 विभाग तथा उसकी वेबसाइट अप्रवासी भारतीयों व उनकी मातृभूमि के बीच की दूरियों को कम करने हेतु सेतु का कार्य करेगी, जिससे अप्रवासी भारतीयों द्वारा प्रदेश से जुड़ते हुए यहां के विकास में योगदान करना भी सरलता से सम्भव होगा। llko908
इस अवसर पर संयुक्त अरब अमीरात के प्रवासी भारतीय यूसुफ अली एम0ए0 ने लखनऊ में एक हजार करोड़ रुपए निवेश की घोषणा की, जिससे लगभग 3 हजार बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा। उत्तर प्रदेश से जुड़े 16 एन0आर0आई0/पी0आई0ओ0 को विभिन्न क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए ‘उ0प्र0 रत्न अवार्ड’ से सम्मानित किया गया, जिनमें अलका भटनागर, अशूक रामसरन, डाॅ0 अतात खान, वासुदेव पाण्डेय, फ्रेन्क एफ0 इस्लाम, कंवल रेखी, डाॅ0 खालिद हमीद, डाॅ0 कृष्ण कुमार, नदीम अख्तर तरीन, डाॅ0 नन्दिनी टण्डन, डाॅ0 राजन प्रसाद, प्रो0 राजेश चन्द्र, डाॅ0 राजिन्दर तिवारी, डाॅ0 श्री नाथ सिंह, सुमन कपूर व सुश्री तलत एफ0 हसन सम्मिलित हैं।
उ0प्र0 प्रवासी दिवस के उदघाटन सत्र में अन्तर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय प्रवासी भारतीयों के संगठनों के साथ 13 एम0ओ0यू0 हस्ताक्षरित किए गए, जिनमें फिजी की साउथ पेसीफिक यूनीवर्सिटी, कनाडा के टोरन्टो की इण्डो कनेडियन चैम्बर आॅफ काॅमर्स, शारजाह की इण्डियन ट्रेड एक्जीबीशन सेंटर, दुबई की इण्डियन बिजनेस काउन्सिल, केनेडा की यूपिका, नदीम तरीम एजूकेशन सोसायटी, पेनोरमा इण्डिया, इण्डिया एसोसिएशन आफ जापान, नार्थ अमेरिका की उ0प्र0 एसोसिएशन, डब्लू0टी0सी0 नोएडा डेवलपमेन्ट कंपनी, एच0डी0एफ0सी0 बैंक, आई0सी0आई0सी0आई0 बैंक एवं ग्लोबल आॅर्गनाइजेशन आफ प्यूपिल आॅफ इण्डियन आरिजन आदि मुख्य रूप से सम्मिलित हैं।
मुख्यमंत्री ने अप्रवासी भारतीयों व कई बिजनेस समूहों के प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य की निवेश नीतियां, अच्छे यातायात के साधन, बढ़ती हुयी ऊर्जा क्षमता और अन्य सामाजिक सेवायें निश्चित रूप से दूसरे राज्यों की तुलना में उत्तर प्रदेश में बेहतर है। श्री यादव ने कहा कि उनकी सरकार उत्तर प्रदेश को प्रगतिशील और समृद्ध बनाने के लिए कृत संकल्प है और इसलिए कई नयी योजनाएं और परियोजनाएं शुरू की गयी है। जिसमें औद्योगिक अवस्थापना विकास के लिये सरकार आई0टी0 पार्क, मेगा फूड पार्क, लाॅजिस्टिक हब, प्लास्टिक सिटी, बायोटेक औद्योगिक पार्क एवं इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप स्थापित कर रही है। आगरा से लखनऊ के बीच विकसित किए जा रहे 302 कि0मी0 लम्बे एक्सपे्रस वे के लिये बिना किसी बाधा के भूमि के प्रबन्ध का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हमने
आगरा-लखनऊ एक्सपे्रस-वे के लिये जमीन के मालिकों की सहमति से पूरे 10 जिलों में कुल 3059 हेक्टेयर जमीन का प्रबन्ध किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में विश्व स्तरीय त्वरित व सस्ती परिवहन सुविधा प्रदान करने हेतु करीब 12 हजार करोड़ रुपए की लागत वाली मेट्रो रेल का तीव्र गति से निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके फलस्वरूप इस वर्ष के अन्त तक मेट्रो रेल का संचालन प्रारम्भ हो जाएगा। इसके अलावा, प्रदेश के चार अन्य नगरों इलाहाबाद, मेरठ, कानपुर व वाराणसी में भी मेट्रो विकसित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में आई0टी0 सिटी की स्थापना, उन्नाव में ट्रांस-गंगा हाईटेक सिटी, लखनऊ में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की स्थापना, पूरे प्रदेश की सड़कों के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ प्रदेश में अन्य अवस्थापना सुविधाएं जैसे पुलों, आर0ओ0बी0, फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य भी बहुत तेजी से चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेक इन इंडिया तभी सफल हो पायेगा, जब मेक इन यू0पी0 सफल होगा। क्योंकि उत्तर प्रदेश न केवल देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है, बल्कि भारत का सबसे बड़ा बाजार भी है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग के लिए लगातार विकास समाजवादी सरकार का सिद्धान्त है। प्रवासी भारतीयोें का उत्तर प्रदेश में आने पर धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि उनके लिए उत्तर प्रदेश के द्वार सदैव खुले हंै, उन्होंने उम्मीदों के प्रदेश में उपलब्ध अवसरों का सफलतापूर्वक लाभ उठाने व उत्तर प्रदेश की प्रगति यात्रा में अपना योगदान करने का आह्वान किया।
प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा विश्व स्तरीय अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, इसके बगैर नये उद्योगों की स्थापना सम्भव नही है। राज्य सरकार प्रदेश में नये बिजली घरों की स्थापना के लिए भी कार्य कर रही है। बिजली उत्पादन बढ़ाने के सारे प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार पारम्परिक उद्योगों को भी प्रोत्साहित कर रही है। सरकार ने कन्नौज के पारम्परिक इत्र उद्योग को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुुंचाने के लिए इत्र कलस्टर बनाने की योजना बनाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्हें उपस्थित सभी प्रवासी भारतीयों का स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि आज से सैकड़ों वर्ष पूर्व ब्रिटिश हुकूमत के दौरान भारत से बड़ी संख्या में गिरमिटिया मजदूरों को सूरीनाम, फिजी, ट्रिनिडाड एण्ड टुबैगो, मारीशस इत्यादि देशों में ले जाया गया था, जिनमें उत्तर प्रदेश के भी बहुत लोग थे। राज्य सरकार ने यह आयोजन उन्हीं लोगों को पुनः अपनी जड़ों की ओर आकर्षित करने के लिए किया है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से प्रवासियों को अपनी जड़ों से जुड़ने, अपनी माटी की सुगन्ध को पहचानने के साथ-साथ इस प्रदेश के विकास में अपना योगदान देने का भी मौका मिलेगा।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने इस अवसर पर एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया तथा 16 प्रवासी भारतीयों को उनके द्वारा किए गये उल्लेखनीय कार्यों के लिए ’यू0पी0 रत्न’ पुरस्कार से नवाजा।
मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन ने एन0आर0आई0 प्रतिभागियांे का अभिनन्दन करते हुये कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में विश्व स्तरीय अवस्थापना सुविधाएं विकसित कर रही है, जिसमें आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे एवं लखनऊ मेट्रो अक्टूबर 2016 तक पूर्ण हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि जनसंख्या की दृष्टि से उत्तर प्रदेश उत्पादों की खपत हेतु एक बहुत बढ़ा बाजार है और प्रवासी भारतीयों द्वारा उत्तर प्रदेश निवेश की दृष्टि से एक बेहतरीन स्थान है।
प्रमुख सचिव एन0आर0आई0 विभाग श्री संजीव सरन ने कार्यक्रम का समापन करते हुये एन0आर0आई0 प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव ज्ञापित करते हुये आभार व्यक्त किया तथा एन0आर0आई0 विभाग अप्रवासी भारतीयोें की विभिन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा उनके द्वारा निवेश के मार्ग में आने वाली समस्त समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु प्रतिबद्ध है और उन्हें प्रदेश में सरल एवं निवेशपरक वातावरण मिलेगा।
प्रवासी दिवस आयोजन में  उत्तर प्रदेश की आर्थिक क्षमता और उपलब्धियों को दर्शाती प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया, जिसमें आधुनिक अवस्थापना कार्याें जैसे-आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, लखनऊ मेट्रो, नोएडा व ग्रेटर नोएडा में मेट्रो, कानपुर की ट्रांस गंगा सिटी, इलाहाबाद की सरस्वती नाॅलेज सिटी, जालौन तथा अन्य स्थानों पर सोलर पार्काें की स्थापना, लखनऊ की आई0टी0 सिटी, राज्य में आई0टी0 विशेष आर्थिक परिक्षेत्र, नोएडा व ग्रेटर नोएडा औद्योगिक शहर तथा इलेक्ट्राॅनिक निर्माण के हब्स को मुख्य रूप से दर्शाया गया। इनके अलावा, डेरी सेक्टर की मजबूती तथा लखनऊ व कानपुर में अमूल प्लाण्ट्स की स्थापना, आॅटो मोटिव, केमिकल्स, कानपुर व आगरा के चर्म उद्योग, फिरोजाबाद का कांच उद्योग भी इस प्रदर्शनी के आकर्षण थे।
‘उ0प्र0 प्रवासी दिवस’ के दौरान विभिन्न सत्रों में उद्योगों से जुड़े कई महत्वपूर्ण उद्योगपतियों और उद्यमियों को सम्बोधन के लिए आमंत्रित किया गया है, जिनमें श्री विशाल सिक्का (इन्फोसिस), श्री सुभाष चन्द्र (ज़ी ग्रुप), श्री फ्रांसिस (अध्यक्ष टीमा), श्री जुवेन्सियो मेज़्टू (सी0ई0ओ0 आइकिया), श्री आर0एस0 सोधी (एम0डी0 अमूल डेरी), श्री किशोर बियानी (सी0ई0ओ0 फ्यूचर ग्रुप), श्री रवि जयपुरिया, डाॅ0 ए0के0 चैहान, डाॅ0 नरेश त्रेहन, डाॅ0 पुरुषोत्तम लाल (मेट्रो हाॅस्पिटल), डाॅ0 सौरभ श्रीवास्तव, लाॅर्ड खालिद हामिद, श्री मुजफ्फर अली, श्री संजय खान (फिल्म निर्माता) तथा अन्य कई राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय हस्तियां शामिल थे।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य महानुभावों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को अतिथि प्रवासी भारतीयों से भेंट करने का अवसर मिला तथा प्रदेश के अप्रवासी भारतीयों को राज्य की वर्तमान स्थिति, प्रदेश सरकार की नीतियांे तथा इतिहास एवं संस्कृति से अवगत कराने तथा राज्य सरकार की प्रचलित व प्रस्तावित महत्वाकांक्षी अवस्थापना एवं सामाजिक परियोजनाओं के दृष्टावलोकन हेतु होटल आई0टी0सी0 मुगल में एक फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें आजादी के पूर्व तक के महानुभावों से सम्बन्धित चित्र, प्रमुख विदेशी राजनयिकों एवं उद्यमियों की मुख्यमंत्री से भेंट एवं उम्मीदों का प्रदेश उत्तर प्रदेश विषयक विकास कार्यक्रमों के चित्रों का संकलन प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्रिमण्डल के सदस्य श्री बलवंत सिंह रामूवालिया ने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार समग्र विकास हेतु कृत संकल्प है तथा उनके मार्गदर्शन में सरकार ने अवस्थापना, ऊर्जा तथा औद्योगिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है तथा देश का वर्तमान परिदृश्य प्रवासी भारतीयो द्वारा निवेश प्रोत्साहन हेतु अनुकूल है।
व्यावसायिक एवं कौशल विकास राज्य मंत्री श्री अभिषेक मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ‘उ0प्र0 प्रवासी दिवस’ का उपयोग ज्ञान और सूचना के आदान-प्रदान किए जाने वाले मंच के रूप में विकसित करने का प्रयास उ0प्र0 प्रवासी दिवस’ में राज्य सरकार द्वारा इलेक्ट्राॅनिक विनिर्माण, आई0टी0, सोलर पार्कों की स्थापना, सौर और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में किए जाने वाले कार्यों, फिल्म निर्माण सम्बन्धी गतिविधियांे के साथ-साथ राज्य की प्रगति और इसकी सम्भावनाओं पर विशेष फोकस रहा ताकि  राज्य की तकनीकी प्रगति के चलते नए पूंजी निवेशक उत्तर प्रदेश में पूंजी निवेश के लिए प्रोत्साहित हो सके।
मुख्य सचिव आलोक रंजन, एन0आर0आई0 एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक रामसरन एवं यू0ए0ई0 के अप्रवासी भारतीय यूसुफ अली ने भी सम्बोधित किया। एन0आर0आई0 विभाग के प्रमुख सचिव संजीव सरन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
उद्घाटन सत्र में सांसद श्रीमती डिम्पल यादव, प्रमुख सचिव सूचना, पर्यटन महानिदेशक तथा सी0ई0ओ0 यूपीडा श्री नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव एन0आर0आई0 श्री संजीव सरन, विशेष सचिव एन0आर0आई0 कंचन वर्मा, सूचना निदेशक श्री आशुतोष निरंजन, मण्डलायुक्त श्री प्रदीप भटनागर, डी0आई0जी0 लक्ष्मी सिंह, डी0एम0 श्री पंकज कुमार, एस0एस0पी0 डाॅ0 प्रीतेन्दर सिंह, ए0डी0ए0 बी0सी0 श्रीमती मनीषा त्रिघाटिया, फिक्की के अध्यक्ष श्री हर्ष नवरत्न सहित कनाडा, जापान अमेरिका, जर्मनी, सिंगापुर, फिजी एवं संयुक्त अरब अमीरात एवं मिडिल ईस्ट देशों के लगभग 250 अप्रवासी भारतीय तथा फिक्की नई दिल्ली, उद्योग बंधु लखनऊ एवं पर्यटन, संस्कृति, यू0पी0एस0आर0एल0एम0, उद्योग, सूचना, शिक्षा, चिकित्सा, आदि विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

Scroll To Top
Translate »