
लखनऊ : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कल से अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश की दो दिवसीय यात्रा पर आ रहे हैं। राष्ट्रपति कोविंद उत्तर प्रदेश के रहने वाले पहले राष्ट्रपति हैं। राष्ट्रपति बनने के बाद श्री कोविंद की इस राज्य में यह पहली यात्रा होगी। वह अपने पैतृक गांव कानपुर देहात के औरांव भी जा सकते हैं। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बन्दोबस्त के बीच 15 सितम्बर को वह कानपुर में स्वच्छता अभियान की शुरुआत करेंगे। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के अनुसार राष्ट्रपति करीब ढाई बजे यहां अमौसी हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां से वह सीधे राजभवन जायेंगे। इसके बाद वह करीब साढे चार बजे से छह बजे तक इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सरकारी आवास में राष्ट्रपति को रात्रिभोज देंगे। श्री कोविंद राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे। दूसरे दिन दीनदयाल उपाध्याय स्मृति वाटिका 10 :15 बजे जायेंगे। इसके बाद वह कुछ चुनिंदा लोगों से राजभवन में मुलाकात करेंगे। दोपहर के भोजन के बाद वह कानपुर में दो कार्यक्रम में भाग लेंगे। छह बजे लखनऊ आकर वह दिल्ली वापस लौट जायेंगे। इस बीच, राष्ट्रपति के कार्यक्रमों को देखते हुए सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गयी है। स्थानीय पुलिस और पीएसी के साथ ही केन्द्रीय सुरक्षा बलों की बीस कंपनी तैनात की जा रही है।
https://rashtriyadinmaan.com
