प्रियंका गांधी ,कांग्रेस विधायक अदिति सिंह पर हमले से भड़कीं , कहा- UP में बीजेपी सरकार गुंडों की सरकार है


 

lucknow |     रायबरेली जिले से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह के काफिले पर हुए जानलेवा हमले के बाद आज उनसे मिलने पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कि प्रदेश की योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्‍व वाली बीजेपी सरकार गुंडों की सरकार है। उन्‍होंने कहा कि जिस तरह से जिला पंचायत सदस्‍यों को खींच-खींचकर मारा गया, ऐसी अराजकता पहले कभी नहीं हुई।
इस हमले में घायल हुईं अदिति सिंह के साथ संवाददाता सम्‍मेलन में प्रियंका गांधी ने कहा, ‘प्रदेश सरकार गुंडों की सरकार है। कल जिस तरह जिला पंचायत सदस्यों को गाड़ी से खींच- खींच कर मारा गया, ऐसी अराजकता पहले कभी नहीं हुई थी। ऐसा पहली बार हुआ है। दिल्ली में चुनाव आयोग से शिकायत हुई है। हम इन सदस्यों की पूरी लड़ाई लड़ेंगे।’ बता दें कि अदिति सिंह प्रियंका गांधी और उनके भाई राहुल गांधी की करीबी हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रशासन को कई दिन पहले इस हमले की आशंका के बारे में बताया था, कोई संज्ञान नहीं लिया गया। यह कैसे लोकतंत्र चल रहा है। हम कानूनी कार्रवाई करेंगे। पूरा लीगल काम कराएंगे। उन्‍होंने कहा कि प्रशासन के खिलाफ भी अगर FIR करनी पड़े तो करेंगे। उधर, प्रियंका गांधी के आरोपों पर यूपी के उपमुख्‍यमंत्री दिनेश शर्मा ने पलटवार किया है।

शर्मा ने कहा, ‘प्रियंका गांधी जिला प्रशासन पर अनर्गल आरोप लगा रहीं हैं। कांग्रेस के ही दो गुटों में सारा विवाद है।’ उन्‍होंने दावा किया कि प्रशासन की तैयारियां बेहतर थीं। बता दें कि मंगलवार को अदिति सिंह के काफिले पर जानलेवा हमला हुआ था। अदिति सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह द्वारा उनपर जानलेवा हमला कराने का आरोप भी लगाया है। अदिति सिंह के काफिले पर जिला पंचायत के चुनाव के दौरान हुए हमले के मामले में पुलिस ने बीजेपी के लोकसभा प्रत्याशी दिनेश सिंह उनके भाई अवधेश सिंह समेत एक दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

दरअसल, अदिति सिंह रायबरेली जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर हो रही वोटिंग में अपने समर्थकों के साथ गई थीं। अवधेश सिंह, सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे बीजेपी प्रत्याशी दिनेश सिंह के भाई हैं और उनके ऊपर ही अदिति सिंह पर हमला करवाने का आरोप लगाया जा रहा है। आरोप है कि पीछा कर रही गाड़ी से कुछ लोगों ने अदिति सिंह पर हमला किया।

इस घटना में अदिति सिंह घायल हो गईं। उन्हें लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। कई अन्य जिला पंचायत सदस्यों पर भी हमला किया गया। इस दौरान कथित रूप से गाड़ियों के काफिले पर पथराव और फायरिंग के बाद कई गाड़ियां हाइवे पर पलट गईं। अदिति ने कहा, ‘मेरी घेराबंदी कर मुझ पर हमला करवाया गया। शासन-प्रशासन अभी भी चुप है और कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।’ उन्होंने कहा, ‘हमलावरों के पास हथियार थे। मेरी गाड़ी की घेराबंदी कर पत्थर फेंके गए और मुझे जान से मारने की कोशिश की गई।’
 
अदिति सिंह रायबरेली के निर्दलीय विधायक रहे बाहुबली अखिलेश सिंह की बेटी हैं। अखिलेश के गिरते स्वास्थ्य की वजह से उनकी बेटी की राजनीति में एंट्री हुई। अदिति ग्रेड-1 से ही बाहर चली गई थीं। वह 10 साल मसूरी में रहीं और फिर दिल्ली गईं। यहां से पढ़ाई करने अमेरिका गईं और वहां से आकर पिता की राजनीतिक विरासत संभाली। 29 वर्षीय विधायक अदिति सिंह को प्रियंका गांधी वाड्रा के करीबी सहयोगियों में से एक माना जाता है।


Scroll To Top
Translate »