
प्रियंका गांधी शुक्रवार को प्रात: 10 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंची। वहां से सीधे गोखले मार्ग स्थित पूर्व केंद्रीय मंत्री शीला कौल के आवास पर गईं। कुछ देर यहां ठहरने के बाद करीब 11:30 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर आ गईं। देर रात तक उन्होंने एडवाइजरी व स्ट्रैटजी कमेटी और फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों से मुलाकात की। उनसे पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित रैली को सफल बनाने के लिए जुट जाने का आह्वान किया। प्रियंका ने पार्टी नेताओं से पूरे प्रदेश में यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई को एक ही कमेटी के अधीन लाने के बारे में भी सुझाव लिए। अभी यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई पश्चिमी, पूर्वी और मध्य जोन की कमेटियों के अधीन बंटी हुई है। प्रियंका ने भविष्य के कार्यक्रमों और योजनाओं पर भी तफसील से चर्चा की।प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश से रोजाना बलात्कार की खबरें आती हैं। दिल दहल जाता है। अभी उन्नाव में एक लड़की को जला दिया। अकेले उन्नाव जिले में 11 महीने में लगभग 90 बलात्कार के मामले सामने आए हैं। आखिर इन मामलों को लेकर सरकार गंभीर क्यों नहीं है। यह सोचना होगा कि आरोपियों का मनोबल इतना क्यों बढ़ा हुआ है। विभिन्न शहरों में हुई बलात्कार की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यूपी सरकार अपराधियों को शह दे रही है। मुख्यमंत्री को सामने आकर जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
प्रियंका कहा कि प्याज 120 रुपया किलो बिक रहा है। लहसुन 200 रुपया किलो पहुंच गया है। भाजपा के नेता अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं। कोई बोल रहा है कि वे प्याज नहीं खाते। कोई सेक्टर नहीं है, जहां मंदी की मार न हो। यह सब भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण है। जनता कष्ट में है, वहीं सरकार मौज कर रही है।
प्रियंका ने कहा कि देश ने कभी इस तरह की बेरोजगारी नहीं देखी। उत्तर प्रदेश बेरोजगारी में सबसे ऊपर है। भर्तियां लटकी पड़ी हैं। भाजपा के नेता कहते हैं कि युवा किसी लायक नहीं हैं। किसानों को फसलों का दाम नहीं मिल रहा है। मिर्जापुर से लेकर झांसी तक किसानों की जमीनें जबरन ली जा रही हैं। किसान आत्महत्या कर रहा है। उसे ना खाद मिल रही है और न सिंचाई के लिए पानी। प्राकृतिक आपदा और सरकारी नीतियों की मार खाए अन्नदाताओं को बैंकों का नोटिस भेजा जा रही है। सरकार अपने अमीर दोस्तों का 5-5 लाख करोड़ रुपया माफ कर सकती है, लेकिन किसानों को राहत देना नहीं चाहती। सूट-बूट की सरकार देश बेच रही है।
प्रियंका गांधी ने पीसीसी मुख्यालय पहुंचने पर सबसे पहले बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उनको पुष्पांजलि अर्पित की।
https://rashtriyadinmaan.com
