विकास एजेण्डा में प्रगति आख्या न देने वाले वरिष्ठ अधिकारियों को चिन्हित कर दण्डित किया जायेगा: मुख्य सचिव


unnamedलखनऊ:   उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन ने समस्त प्रमुख सचिवों एवं सचिवों को कड़े निर्देश दिये हैं कि उ0प्र0 के विकास हेतु विकास एजेण्डा में निर्धारित कार्यक्रमों का क्रियान्वयन निर्धारित अवधि एवं गुणवत्ता के साथ कराकर समय से प्रगति आख्या न देने वाले वरिष्ठ अधिकारियों को चिन्हित कर दण्डित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जिन विभागों ने विकास एजेण्डा वर्ष 2015-16 के बिन्दुओं पर दिनांक 30 जून, 2015 तक की गई कार्यवाही की प्रगति आख्या सहित कतिपय विभागों को विकास एजेण्डा 2014-15 की प्रगति की सूचना अभी तक नहीं प्रेषित की है, वह प्रत्येक दशा में आगामी 17 अगस्त तक प्रगति के साथ भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विकास एजेण्डा में निर्धारित कार्यक्रमों में सार्थक प्रगति न होने के कारणों का भी उल्लेख करना अनिवार्य होगा।
मुख्य सचिव आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में विकास एजेण्डा की प्रगति की सूचना समय से न देने पर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित प्रमुख सचिवों का दायित्व है कि वे विकास एजेण्डा में निर्धारित कार्यक्रमों की प्रगति का मूल्यांकन प्रत्येक माह स्वयं कर प्रगति से अवगत करायें। उन्होंने कहा कि भविष्य में विकास एजेण्डा की रिपोर्ट देने में विलम्ब होने की स्थिति पर सम्बन्धित वरिष्ठ अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारम्भ कर दी जायेगी। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित प्रमुख सचिवों को यह प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराना होगा कि विकास एजेण्डा में निर्धारित कार्यक्रमों का क्रियान्वयन निर्धारित माइल स्टोन के अनुसार गुणवत्ता के साथ निर्धारित अवधि में पूर्ण हो।
बैठक में प्रमुख सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन डाॅ0 रजनीश दुबे, प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्री अरविन्द कुमार, प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक श्री राजीव कुमार, प्रमुख सचिव वन श्री संजीव कुमार, प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा श्री जितेन्द्र कुमार, प्रमुख सचिव बाल विकास श्री कुमार कमलेश, सचिव बेसिक शिक्षा श्री हीरा लाल गुप्ता, सचिव नगर विकास श्री एस0पी0 सिंह, विशेष सचिव ऊर्जा डाॅ0 रुपेश कुमार सहित अन्य विभागों के प्रमुख सचिव एवं सचिव तथा विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।
——–

Scroll To Top
Translate »