15 अप्रैल तक पीएम से लोकार्पण कराने की मंशा

lucknow |मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा साकार हुई तो अप्रैल महीने से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर वाहन फर्राटा भर सकेंगे। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निरीक्षण के बाद उन्होंने 31 मार्च से 15 अप्रैल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इसके लोकार्पण कराने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि सरकार व पार्टी की भी यही मंशा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पूर्वी उत्तर प्रदेश की समृद्धि के द्वार खोलेगा। इसके लिए प्रयास किए जाएंगे। सोमवार को मुख्यमंत्री सुल्तानपुर कूरेभार के पास अरवलकीरी करवत में एक्सप्रेस-वे की एयर स्ट्रिप का जायजा लेने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। अब इसका काम पूरा होने वाला है। सभी के सकारात्मक सहयोग से यह संभव हो सका है। कोरोना महामारी के बीच भी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का कार्य पूरी गति से आग बढ़ाया जा रहा है। कोरोना काल में इस तरह एक्सप्रेस-वे का निर्माण देश व दुनिया के लिए उदाहरण बनता जा रहा है। सुल्तानपुर के लिए एयर स्ट्रिप गौरव की बात है। इस पर विषम परिस्थिति में बड़े से बड़े विमान उतारे जा सकते हैं। लोगों को सहायता पहुंचाई जा सकती है। एक्सप्रेस-वे से औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा। यह पूर्वांचल के लोगों के लिए समृद्घि के द्वार खोलेगा। देश व दुनिया में पलायन करने वाले पूर्वांचल के युवाओं को नौकरी व रोजगार यहीं मिल सकेगी। विकास व खुशहाली के लिए समृद्धि आवश्यक है। एक्सप्रेस-वे पूर्वी उत्तर प्रदेश को समृद्धि के साथ नई ऊंचाई पर पहुंचाएगा। यह प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प नए भारत के निर्माण को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कार्य समय से पूरा करने के लिए अधिकारियों के सहयोग की भी सराहना की।
https://rashtriyadinmaan.com
