कम्पाउन्डिंग के दायरे में आने वाले मुकदमों को जल्द करें निस्तारित— LDA सचिव



लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार गंगवार ने शुक्रवार को बैठक करके प्रवर्तन विभाग से सम्बन्धित कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कम्पाउन्डिंग के दायरे में आने वाले मुकदमों को अभियान चलाकर निस्तारित किये जाने और अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्यवाही को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिये।

बैठक में सचिव ने कहा कि अवैध निर्माणों से सम्बन्धित कई ऐसे वाद हैं, जो बेवजह लम्बित हैं और इनसे न्यायिक प्रक्रिया बाधित होती है। उन्होंने सभी विहित प्राधिकारियों को निर्देशित किया कि मुकदमों की तारीख लगाने की व्यवस्था पेशकार के भरोसे न छोड़े बल्कि खुद ही इन प्रकरणों की समीक्षा करके नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें। सचिव ने कहा कि कम्पाउन्डिंग के दायरे में आने वाले प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित किया जाये। इससे लोगों को विहित न्यायालय के चक्कर लगाने से छुटकारा मिलेगा और प्राधिकरण के राजस्व में भी बढ़ोत्तरी होगी। उन्होंने कहा कि शहर भर में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के उद्देश्य से ही उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी द्वारा प्रवर्तन में जोनल व्यवस्था लागू की गई है, ताकि एक ही पटल पर त्वरित कार्यवाही की जा सके। इसको ध्यान में रखते हुए हमें ऐसे काम करना है कि जनता में अच्छा संदेश जाये और प्राधिकरण की छवि निखरे। बैठक में समस्त जोनल अधिकारी तथा सहायक और अवर अभियंतागण उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »