
रायबरेली | कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार रायबरेली और अमेठी दौरे पर राहुल गांधी सोमवार को पहुंचे. लखनऊ से सड़क मार्ग से राहुल गांधी सीधे पहले रायबरेली पहुंचे. यहां चुरवा में उनका जोरदार स्वागत किया गया. इस दौरान रायबरेली के चुरवा हनुमान मंदिर में राहुल गांधी ने पूजा अर्चना की.इस दौरान राहुल गांधी के साथ सांसद प्रमोद तिवारी, एमएलसी दिनेश सिंह, सांसद प्रतिनिधि किशोरी लाल शर्मा मौजूद रहे.
उधर अमेठी कस्बे में कांग्रेसी घरों की छतों से राहुल पर फूलवर्षा कराने की भी योजना बनाए हैं. इसके बाद राहुल मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल के अतिथि गृह पहुंच रात्रि विश्राम करेंगे. वहीं दूसरे दिन मंगलवार सुबह राहुल गेस्ट हाउस में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे. वहां से करीब 11 बजे मुसाफिरखाना पहुंचेंगे जहां नगर में इनका जगह-जगह स्वागत किया जाएगा.
दोपहर 12 बजे गौरीगंज में डाकघर गली से राहुल गांधी पद यात्रा शुरू करेंगे जो हनुमान मंदिर पर समाप्त होगी. राहुल पद यात्रा कर लोगों का अभिवादन स्वीकार करने के साथ ही हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे.
https://rashtriyadinmaan.com
