
लखनऊ. अमेठी के तीन दिवसीय दौरे के लिए लखनऊ पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा जमकर फूटा. राहुल गांधी के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर और प्रमोद तिवारी का घेराव किया. अमौसी एयरपोर्ट पर हंगामा कर रहे कांग्रेसियों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी पर दलालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है. कर्नाटक चुनाव को लेकर अपनी व्यस्तताओं के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को लखनऊ पहुंचे.
अपने संसदीय क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर जाने से पहले लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर और प्रमोद तिवारी भी पहुंचे. कांग्रेस कार्यकर्ता भी वहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की अगवानी के लिए वहां मौजूद थे. विमान से उतरने के बाद राहुल गांधी जैसे ही बाहर निकले तो वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की अगवानी करने पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर और प्रमोद तिवारी का घेराव किया. इस समय वहां कांग्रेस चीफ राहुल गांधी भी मौजूद थे. घेराव कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर और प्रमोद तिवारी सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी पर कई संगीन आरोप भी लगाए. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इन नेताओं पर चुनाव के दौरान पैसे लेकर टिकट और पास देने का आरोप लगाया.
हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं ने इन दोनों नेताओं पर पार्टी में दलालों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया. नाराज कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी ने उनकी समस्याओं पर गौर करने का आश्वासन देकर शांत कराया. बता दें कि विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के नाम तय करने को लेकर कार्यकर्ताओं में खासी नाराजगी दिखी थी. इतना ही नहीं निकाय चुनाव में पार्टी के योग्य कार्यकर्ताओं की अनदेखी किए जाने को लेकर प्रदेश कार्यालय पर हंगामा भी हुआ था. पार्टी की ओर से घोषित किए गए उम्मीदवारों के नामों को लेकर कार्यकर्ताओं ने कार्यालय पर पथराव और मारपीट भी की थी. यह भी बता दें कि राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे पर कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. यह विकास कार्य उनकी संसदीय कोष से कराए गए हैं. वहीं इलाके में कई सभाओं को भी सम्बोधित करने के साथ निगरानी समिति की बैठक में भी हिस्सा लेंगे.
https://rashtriyadinmaan.com
