‘नीच’ पर राहुल ने कहा, पीएम मोदी से माफी मांगें अय्यर, मणिशंकर बोले-हिंदी कमजोर


manishankar-aiyyar-controve

 

नई दिल्ली |   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर बुरी तरह घिर गए हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अय्यर को पीएम मोदी से माफी मांगने को कहा है। राहुल ने साफ किया कि वह इस तरह की भाषा को स्वीकार नहीं करते। इस बीच मणिशंकर अय्यर ने सशर्त माफी मांग ली है। उन्होंने कहा कि पीएम ने उनके शब्द का गलत अर्थ लगाया। इसके साथ ही अय्यर ने इस पूरे विवाद के लिए अपनी कमजोर हिंदी को जिम्मेदार बताया है।

राहुल ने ट्वीट किया, ‘बीजेपी और प्रधानमंत्री अक्सर कांग्रेस पार्टी पर हमले के लिए खराब भाषा का इस्तेमाल करते हैं। कांग्रेस की संस्कृति और विरासत अलग है। मणिशंकर अय्यर ने प्रधानमंत्री के लिए जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया मैं उसका समर्थन नहीं करता। कांग्रेस पार्टी और मैं उम्मीद करते हैं कि वह माफी मांगेंगे।’ हालांकि राहुल गांधी के इस स्टैंड से बीजेपी संतुष्ट नहीं है। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने इसे कांग्रेस पार्टी की रणनीति बताते हुए कहा कि पहले वे पीएम के खिलाफ असभ्य भाषा का इस्तेमाल करते हैं और जब लोगों में इसको लेकर गुस्सा भड़कता है तो माफी मांग लते हैं।

इस बीच मणिशंकर अय्यर ने कहा है कि उनके कहने का वह अर्थ नहीं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बता रहे हैं। मणिशंकर ने कहा, ‘मैं हिंदीभाषी नहीं हूं। मैंने इंग्लिश शब्द ‘LOW’ का मन में तर्जुमा किया ‘नीच’। मेरे कहने का मतलब नीची जाति में पैदा होने से (Low born) से नहीं था। यदि नीच शब्द का यह अर्थ भी हो सकता है तो मैं माफी मांगता हूं। यदि कांग्रेस को गुजरात में इससे नुकसान हो तो मुझे अफसोस होगा।’ मणिशंकर ने यह भी बताया कि हिंदी की कम जानकारी की वजह से उन्होंने एक बार पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के लिए नालायाक शब्द का इस्तेमाल कर दिया था।


Scroll To Top
Translate »