baba_siddique

मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय यानि ईडी ने मुंबई में कांग्रेस नेता बाबा सिद्दिकी के ठिकानों पर छापे मारे हैं. ईडी ने बाबा सिद्दिकी और रफीक मकबूल कुरैशी के कई ठिकानों पर छापेमारी की है. ईडी ने स्लम पुनर्वास घोटाले को लेकर दोनों के ठिकानों पर छापे मारे हैं.

मार्च 2014 में पुलिस ने इस घोटाले में बांद्रा से विधायक बाबा सिद्दिकी और रफीक कुरैशी और नजीमुद्दीन मीठी बोरवाला के खिलाफ केस दर्ज किया था. ये तीनों पिरामिड डेवलपर्स से जुड़े हुए थे, इन्हें बांद्रा में स्लम पुनर्वास का ठेका मिला था.

घोटाला 2012 में सामने आया था और अब्दुल सलाम नाम के शख्स ने इसकी शिकायत की थी. सलाम ने कहा था कि कई लोगों ने फर्जी राशनकार्ड बनाकर एक से ज्यादा कमरे वाले मकान हासिल किए.

 

बांद्रा से विधायक रह चुके बाबा सिद्दिकी कांग्रेस से जुड़े रहे हैं. वह मुंबई में काफी रसूख वाले शख्सियत माने जाते हैं. राजनीति के अलावा बॉलीवुड के गलियारों में भी वह एक जाना-माना नाम हैं. शाहरुख खान और सलमान खान को करीब लाने की पहल करने वालों में उनका नाम प्रमुखता से लिया जाता है.

बाबा सिद्दिकी ने ही रमजान के दौरान पहली बार सलमान और शाहरुख को इफ्तार दावत पर बुलाया था. इनमें जारी अदावत के बीच यहां पर दोनों का पहली बार सौहार्दपूर्ण आमना-सामना हुआ था. तब ये दावत सुर्खियों में रही थी. इसमें सलमान के पिता भी शामिल हुए थे.